रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। कास्मोक्वेसट प्लेनेटोरियम के ‘ खगोल आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आज टीकाराम स्कूल में तारामंडल शो का उद्घाटन विद्यालय प्राचार्या डा. आशा छाबड़ा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि तारामंडल अनंत विस्तार वाले ब्रह्मांड की जानकारी लेने का बहुत अच्छा स्त्रोत है। तारामंडल में बैठकर हम ब्रह्मांड में उपस्थित आकाशगंगाओं, तारों, ग्रहों, चंद्रमाओं, ब्लैक होल आदि को देख व समझ सकते हैं। आज विद्यार्थियों को तारामंडल के माध्यम से चंद्रमा की सैर करवायी गई व दिखाया कि चंद्रमा से देखने पर सूर्यग्रहण की परछाई पृथ्वी पर कैसे गति करती है।
जैसे चंद्रमा की रोशनी में पृथ्वी पीले रंग की होती है, उसी प्रकार चंद्रमा पृथ्वी की रोशनी में नीला दिखाई देता है। चंद्रमा से तारे व ग्रह साफ दिखाई देते हैं, क्योंकि इसका कोई वायुमंडल नहीं है। शो के माध्यम से यह दिखाया कि 6.5 करोड़ वर्ष पूर्व एक उल्का पिंड के पृथ्वी पर टकराने से सभी डायनासोर खत्म हो गये और आज जीवन के अनुकूल परिस्थितियां बनी। बच्चों ने खगोल प्रदर्शनी से ब्रह्मांड के बारे में रोचक तथ्यों को जाना। इस अवसर पर अध्यक्ष कृष्ण वत्स, उपाध्यक्ष सतपाल अहलावत, सचिन कुमार, कार्यक्रम संयोजक सुमन दहिया, अनिल कुमारी आदि मौजूद रहे।