- पूर्व मंत्री कविता जैन व पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने किया शनिदेव को नमन
- शनि जयंती के उपलक्ष्य में शनि मंदिर में आयोजित महोत्सव में लिया हिस्सा
- शनिदेव की कृपा से होता है भक्तों का कल्याण : पूर्व मंत्री कविता जैन
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा की पूर्व मंत्री कविता जैन व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने शनि जयंती के मौके पर विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए शनिदेव को नमन किया। उन्होंने शनिदेव से जन-जन के लिए मंगलकामना करते हुए कृपा बनाये रखने की दुआ की। सोमवार को शनि जयंती के उपलक्ष्य में पुरखास अड्डा स्थित शनि मंदिर सहित महलाना रोड स्थित शिव शक्ति नारायणी माता मंदिर और इंदिरा कालोनी स्थित शनि मंदिर में महोत्सवों का आयोजन किया गया। जिनमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री कविता जैन व पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने हिस्सा लिया।
उन्होंने शनिदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए आशीर्वाद लिया। पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि शनि जयंती में शामिल होना परम सौभाग्य की बात है। शनि भक्तों को शनि जयंती का बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्होंने कहा कि शनिदेव की कृपा से भक्तों का कल्याण होता है। शनि कृपा हासिल करने के लिए सद्कर्म करने चाहिए। शनि की कृपा प्राप्त करना बहुत सरल है, जिसके लिए हमें इंसानियत के रास्ते पर चलना चाहिए। यदि हम मानवता के मार्ग से भटकते हैं तो शनि के क्रोध को भी झेलना पड़ सकता है।
उन्होंने कामना की कि शनि की कृपा सबको प्राप्त हो ताकि प्रत्येक मानव का कल्याण हो सके। पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने अपने संबोधन में कहा कि शनि को दंडाधिकारी का दर्जा भी प्राप्त है जो मनुष्य को उनके कर्मों का परिणाम देते हैं। मानव को हमेशा अच्छ कर्म ही करने चाहिए। ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे किसी का बुरा हो अथवा किसी का दिल दुखे। हमारे कर्मों का अच्छा-बुरा हमें स्वयं ही भोगना होता है। इसलिए हमें अपने हर कर्म का ध्यान रखना चाहिए। कर्मों पर ही भविष्य निर्भर करता है। कर्म का विधान गंभीरता से समझते हुए जीवन में आगे बढऩा चाहिए। इस अवसर पर मंदिर प्रधान ओमप्रकाश, महेन्द्र सिंह, करतार, नन्द किशोर, कर्मबीर, धर्म, रामकिशोर, अशोक, रामनिवास, लेखराम, ललित, दिनेश, सुभाष, यशपाल, कृष्ण, हरिप्रकाश आदि मौजूद रहे।