- अशोक तंवर ने कांग्रेस को बताया हरियाणा का सर्कस
- आप की झाड़ू आने वाले दिनों में बीजेपी और कांग्रेस का सफाया करेगी
- कांग्रेस अध्यक्ष बनाने पर भी की टिप्पणी
- कहा, एक अध्यक्ष बना ले या 40 बना ले हरियाणा में नहीं होगा कोई असर
- अशोक तंवर ने बिजली मंत्री पर भी निशाना साधा
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। आप नेता अशोक तंवर ने कहा कि आगामी 29 मई को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कुरुक्षेत्र में हरियाणा बदलेगा रैली को संबोधित करने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में विरोधी पार्टियों से कई बड़े चेहरे आप में शामिल होंगे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी दिनों में आम आदमी पार्टी की झाड़ू हरियाणा में ऐसे ही चलेगी और कांग्रेस और बीजेपी दोनों का सफाया कर देगी। आम आदमी पार्टी के नेता अशोक तंवर ने शुक्रवार को सोनीपत में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इससे पहले उन्होंने यहां पार्टी कार्यालय का रिबन काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान अशोक तंवर ने कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने पर कहा कि यह तो सर्कस के लोग हैं और सर्कस की तरह होते हैं इनका हरियाणा में कोई भी अस्तित्व नहीं है।
अशोक तंवर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये तो सर्कस के लोग हैं। अशोक तंवर ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए गए नए प्रदेश अध्यक्ष व अतिरिक्त अन्य नेताओं पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि 2 दिन पहले बाबू और बेटे की सर्कस चंडीगढ़ गया था, जिसमें बेटा आगे और मदारी पीछे चल रहे थे, यह केवल कांग्रेस का सर्कस है, इसमें अध्यक्ष का तो रोल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अब इच्छा शक्ति नहीं बची हुई है और हरियाणा की जनता में कांग्रेस के प्रति विश्वास अब समाप्त हो चुका है। अब कांग्रेस चाहे एक अध्यक्ष बना ले या 40 बना ले। इससे हरियाणा में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है जनता सब जानती है।
हरियाणा सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज हरियाणा बेरोजगारी, क्राइम में सबसे आगे है और यहां बदलाव की जरूरत है जो आम आदमी पार्टी करेगी। आम आदमी पार्टी का जनाधार जहां दिन पर दिन बढ़ रहा है। वहीं अब पार्टी में बढ़ते जनाधार को देखते हुए जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यालय खोलने शुरू कर दी है। सोनीपत में भी आज आम आदमी पार्टी के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ आप नेता अशोक द्वारा किया गया।
इस मौके पर पार्टी कार्यालय के शुभारंभ पर अशोक तंवर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा आम आदमी पार्टी में लगातार लोग शामिल हो रहे हैं और 29 मई को अरविंद केजरीवाल कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे, जहां से धर्मयुद्ध लड़ा गया। कुरुक्षेत्र में हरियाणा बदलेगा नाम से रैली आयोजित की जा रही है और इस रैली के दौरान कई बड़े चेहरे आप पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की आंधी अब हरियाणा में चल चुकी है और आप की झाड़ू आने वाले दिनों में बीजेपी और कांग्रेस का सफाया करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता नकार चुकी है, क्योंकि यहां काम करने वालों को आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा और हाईकमान कार्यकर्ताओं की सुन नहीं रही। वही अशोक तंवर ने मौजूदा खट्टर सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश क्राइम, बेरोजगारी अपराध में नंबर वन है।
साथ ही उन्होंने बिजली मंत्री रणजीत चौटाला और जेपी दलाल कृषि मंत्री पर निशाना साधा और कहा कि यह दोनों ही मेरे मुख्यमंत्री बनने का नारा देते थे और आज आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष कर रहे है जो इन्हें शोभा नहीं देता। अशोक तंवर ने कहा कि आगामी 29 मई को कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी प्रदेश स्तर की एक जनसभा को संबोधित करने जा रही है। जिसका नाम खासतौर से रखा गया है कि अब बदलेगा हरियाणा और उसमें स्वयं दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए आ रहे हैं। उस दिन काफी पार्टियों के लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। बड़े-बड़े चेहरों से उनका संपर्क बना हुआ है। हरियाणा में बदलाव तेज गति के साथ हो रहा है लोग अब दिल्ली मॉडल को पसंद कर रहे हैं और भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाना चाहते हैं।
इस दौरान हरियाणा के बिजली मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले तो यह लोग अशोक तंवर के मुख्यमंत्री बनने के नारे लगाते थे, लेकिन अब यह दूसरी तरह की भाषा बोल रहे हैं। जब आगामी चुनाव हो गए तो जनता इनको सबक सिखा देगी। आखिर यह लोग कहां बैठे हुए हैं और इन्होंने कितने जनहित के कार्य किए हैं। गौरतलब है कि अशोक तंवर पहले कांग्रेस में हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहकर कार्य कर चुके हैं। उसके बाद इन्होंने तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन अब पलटी मार कर आम आदमी पार्टी में शामिल होकर अपनी राजनीतिक जमीन को तलाशने में जुट गए हैं, लेकिन जनता सब जानती है । इस दौरान आप नेता राजेश कालीरमन, प्रवेश कुमारी, अजीत आंतिल, अनिल गुलिया, आनन्द सिंह छिक्कारा, चिंरजीलाल, जोरावर सिंह, अमित चाहलिया सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।