नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश कांग्रेस के सर्वमान्य नेता, उनकी अगुवाई में पार्टी लड़ेगी चुनाव : मेयर निखिल मदान
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी गयी। होडल विधानसभा से पूर्व विधायक उदय भान को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी। वहीं उनके साथ भिवानी से श्रुति चौधरी, नारायण गढ़ से पूर्व विधायक राम किशन गुर्जर, सोहना से जितेंद्र भारद्वाज और पानीपत से सुरेश गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी। मेयर निखिल मदान ने शीर्ष नेतृत्व द्वारा की गयी नियुक्तियों पर कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का आभार जताया।
मेयर निखिल मदान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा कांग्रेस के सर्वमान्य नेता है और उनकी अगुवाई में पार्टी आने वाले सभी चुनावों में मजबूती से लड़ेगी और मजबूत विपक्ष का दायित्व निभाते हुए भाजपा-जजपा सरकार की पोल खोलेगी। मेयर निखिल मदान ने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं कांग्रेस पार्टी के साथ है। जल्द ही जमीनी स्तर पर संगठन में नियुक्तियां की जाएंगी। जिसमें सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। आज प्रदेश का युवा वर्ग राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ है, जो भाजपा सरकार की नींव हिलाने का काम करेगा। मेयर निखिल मदान ने कहा कि पूर्व विधायक उदय भान एक अनुभवी नेता है, इसलिए उनके प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने से पार्टी को निश्चित तौर पर फायदा मिलेगा।