हिस्ट्री डिपार्टमेंट के तत्वावधान हुई प्रतियोगिता में छात्राओं ने लिया उत्साह के साथ हिस्सा
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। जीवीएम गर्ल्ज कालेज में हिस्ट्री डिपार्टमेंट के तत्वावधान में आयोजित पोस्टर मेकिंग स्पर्धा में छात्रा वर्णिका अव्वल रही। संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने विजेताओं को बधाई देते हुए संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर बल दिया। हरियाणवी संस्कृति को समर्पित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने दीप प्रज्वलित करते हुए किया। प्रतियोगिता की प्रमुख संयोजक हिस्ट्री विभागाध्यक्ष शशि प्रभा व सहयोगी प्राध्यापिका कांता देवी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को अपने प्रांत हरियाणा की संस्कृति से अवगत करवाना था। प्रतिभागी छात्राओं ने अपनी कृतियों में हरियाणा की समृद्घशाली संस्कृति के विभिन्न अनूठे रूपों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता में वर्णिका ने प्रथम स्थान तथा रेणू ने द्वितीय और महिमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। साथ ही छात्रा रितिका व मानसी को सांत्वना पुरस्कारों से नवाजा गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन प्राध्यापिका प्रो. रजनी कत्याल और अनीता गाबा ने किया। अंत में प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया कि वे हर प्रकार की प्रतियोगिताओं में अवश्य हिस्सा लें। इससे उनके व्यक्तित्व विकास को बल मिलेगा। साथ ही आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी होगी। स्वयं के आकलन के लिए भी प्रतिस्पर्धाओं में भागीदारी जरूर करनी चाहिए। उन्होंने हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देती प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए भी बधाई दी।