- महिलाशक्ति की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
- ब्लॉक स्तर तक मजबूत संगठन बनाकर किया जाएगा पेंशन बहाली के लिए बड़ा आंदोलन
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष सोमदत्त द्वारा जारी बयान में कहा गया कि जिला सोनीपत के सभी ब्लॉक की कार्यकारिणियों का पुनर्गठन किया जाना है, जिसमें सभी विभागों के उर्जावान एनपीएस कर्मचारी-अधिकारियों को आमंत्रित करके उन्हें पेंशन बहाली संघर्ष समिति से जोड़कर पेंशन आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस बार कार्यकारिणी के पुनर्गठन में महिला शक्ति के योगदान को भी बढ़ाया जाना तय है, क्योंकि सरकारी विभागों में महिला कर्मचारियों की संख्या भी लगभग बराबर की है।
जिला अध्यक्ष सोमदत्त ने जारी बयान में कहा कि इसी कड़ी में गन्नौर ब्लॉक की कार्यकारिणी के पुनर्गठन का कार्यक्रम 14 अप्रैल वीरवार को लहरी सिंह पार्क गन्नौर में रखा गया है। इसके बाद अन्य ब्लॉक की कार्यकारिणियों का गठन भी इसी महीने में किया जाना है। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के संगठन को और अधिक मजबूत करके जिले के सभी विभागों में जागरूकता कार्यक्रम किए जाएगें तथा एक मजबूत और शक्तिशाली पेंशन आंदोलन के लिए जिला सोनीपत के एनपीएस कर्मचारियों को तैयार किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि पेंशन बहाली संघर्ष समिति लगभग चार वर्ष से पुरानी पेंशन बहाली के लिए हरियाणा प्रदेश में आंदोलन चला रही है। पेंशन बहाली का यह आंदोलन आज सड़क से संसद तक गुंज रहा है। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के कारण यह मुद्दा जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। देश में किसी भी राज्य की सरकार इस मुद्दे को दरकिनार करके विधानसभा तक नहीं पहुंच सकती। इसी आंदोलन के कारण राजस्थान व छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन बहाल हो पाई है। सत्तापक्ष हो या विपक्ष इस आंदोलन का प्रभाव सभी पर स्पष्ट देखा जा सकता है। अब वह दिन दूर नहीं जब देश के समस्त कर्मचारियों की पुरानी पेंशन पुनः बहाल होगी। जो सरकार पेंशन बहाल नहीं करेगी कर्मचारी आगामी चुनाव में उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगें।