अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। ट्रेड यूनियनों ने सोमवार से दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन विभिन्न विभागों में कर्मचारी धरने पर बैठे हुए प्रदर्शन किया। श्रमिकों को प्रभावित करने वाली केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों के विरोध में यूनियनों ने इस भारत बंद का आह्वान किया है। इस दौरान प्रदर्शनकारी यूनियनों ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की ‘मजदूर विरोधी, किसान विरोधी, जन विरोधी सरकार बताया और पुरानी पेंशन की बहाली सहित कई मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
बारह सूत्रीय मांगों को लेकर ट्रेड यूनियनों की हड़ताल का आज दूसरा और आखिरी दिन है। पहले दिन ट्रांसपोर्ट और बैंकिंग से जुड़े काम ठप रहे। इसका असर देशभर में पड़ा। आज दूसरे दिन भी बंद का असर दिख सकता है। सोनीपत में आज रोडवेज विभाग, नगर निगम कार्यालय, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी, आशा वर्कर, भारतीय डाक विभाग, बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। वही पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगों को लेकर कर्मचारियों ने धरना देते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाल करने, ठेकेदारी प्रथा बंद करने, सरकारी विभागों का निजीकरण करने के खिलाफ सरकार पर हल्ला बोला।
भारतीय डाक विभाग के कर्मचारी ने इस दौरान मुख्य डाकघर पर जहां प्रदर्शन किया तो वहीं नगर निगम कर्मचारियों ने भी नगर निगम कार्यालय में धरना देकर जबरदस्त नारेबाजी की। वहीं इसके अलावा आशा वर्कर्स ने शहर में रोष मार्च निकालते हुए सरकार को चेतावनी दी कि जब तक कर्मचारी शांत नहीं बैठेंगे। जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती हैं। कर्मचारियों की 2 दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते विभिन्न विभागों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने मांगे नहीं मानी तो कर्मचारी अपना आंदोलन तेज करेंगे।