- शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को किया याद
- 26 मार्च को कलायत में होगी महापंचायत
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। आंगनवाड़ी वर्करों ने धरना स्थल पर मनाया शहीदी दिवस और शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को याद किया। वही आह्वान किया कि 26 मार्च को बाल विकास विभाग हरियाणा की मंत्री कमलेश ढांडा के हल्के कलायत में होगी। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सीटू के जिला प्रधान आनंद शर्मा, एआईयूटीयूसी के राज्य उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह राठी, ऑल इंडिया किसान सभा हरियाणा के उपाध्यक्ष श्रद्धानंद सोलंकी, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला नेता ईश्वर दहिया, भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के अध्यक्ष ब्रहम सिंह दहिया ने भगत सिंह के विचारों पर विचार रखें।
उन्होंने कहा कि मानव के द्वारा मानव का शोषण बंद हो, समानता का अधिकार हो, कोई भूख से ना मरे, कोई बीमारी से ना मरे, कोई अनपढ़ ना रहे, रोटी कपड़ा और मकान सबको मिले एक समान, भगत सिंह की सोच थी । लेकिन आज केंद्र व राज्य में बैठी सरकार उन्हीं नीतियों को लागू नहीं कर रही है, जिन नीतियों के खिलाफ शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव हंसते हंसते फांसी पर झूल गए थे। वहीं किसान विरोधी बिल, मजदूर विरोधी कोड केंद्र की सरकार संसद में ला रही है, सार्वजनिक क्षेत्र को बेचा जा रहा है। उस समय भी इस्ट इंडिया कंपनी व्यापार के लिए आई थी, आज भी हमारी चुनी हुई सरकार द्वारा कौड़ियों के भाव में पूंजीपतियों को सार्वजनिक क्षेत्र दिया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि असल में शहीदी दिवस तभी होगा, तब भगत सिंह के विचारों और लक्ष्य को लागू करते हुए आम जनता को लामबंद कर जनवादी आंदोलनों को मजबूत किया जाएगा। भगत सिंह सांप्रदायिकता के घोर विरोधी थे, लेकिन आज की सरकार सांप्रदायिकता का जहर घोल कर जनता को आपस में लड़ाना चाहती है, ताकि जनता के असली मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती गुंडागर्दी, शिक्षा, चिकित्सा से ध्यान भटका कर आपस में लड़ाया जाए जो जनहित में नहीं है। प्रदर्शनकारियों को मास्टर बलबीर सिंह, सेवानंद, प्रताप सिंह, उषा रानी, सोना देवी, गीता नागर, सुनीता, विमला, कविता, शर्मिला, मोनिका, सरला आदि ने भी संबोधित किया और भगत सिंह पर अनेकों गीत, कविता, भजन प्रस्तुत किए गए। कल 24 मार्च को 11 बजे सारंग रोड़ स्थित कुम्हार धर्मशाला सोनीपत में भगत सिंह के विचारों पर व्याख्यान किया जाएगा।