रणबीर सिंह, कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि 4 राज्यों की जनता ने भारतीय जनता पार्टी में विश्वास व्यक्त किया है। इस जन बहुमत से साबित हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक विकास पुरुष है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बन रहा है, अब वो दिन दूर नहीं जब भारत फिर से विश्व गुरु के रूप में अपनी एक पहचान बनाएगा। विधायक सुभाष सुधा वीरवार को देर सायं दूरभाष पर बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, इन्द्री के विधायक राम कुमार कश्यप, यमुनानगर के विधायक घनश्याम अरोड़ा व रजनीश आलमपुर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को चंडीगढ़ आवास कार्यालय पर उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर व उत्तराखंड में भाजपा की बहुत बडी जीत होने पर बधाई दी और मुंह मीठा करवाया। विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे लोकप्रिय पार्टी बन चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जिस प्रकार से पूरे देश में एक समान रूप से विकास करवा रहे हैं, उन्हीं की बदौलत आज जनता ने दोबारा भाजपा को चुना है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सभी 36 बिरादरियों को एक साथ लेकर चलती है। उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा ने अपनी जीत का परचम लहराकर विपक्षी पार्टियों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चारो तरफ चहुंमुखी विकास हो रहे है। उन्होंने कहा कि जिन चार राज्यों में भाजपा नेतृत्व की सरकार बनी है, वहां विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। जनता ने भाजपा में जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर पार्टी खरा उतरेगी। चार राज्यों में जिस बड़ी जीत से भाजपा की सरकार बनी है, वह अपने आपमें एक रिकॉर्ड है।