- सरकार के तुगलकी फरमान के अनुसार विकास शुल्क में दस गुणा वृद्धि : विमल किशोर
- कलेक्टर रेट पर 5 प्रतिशत लगेगा विकास शुल्क
- कलेक्टर रेट हर वर्ष बढते हैं अर्थात हर वर्ष विकास शुल्क में होगी बढ़ोतरी : विमल किशोर
रणबीर सिंह, सोनीपत। हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा की सभी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले सभी मकानों प्लाटों पर विकास शुल्क 10 गुना बढ़ा दिया गया है, जोकि कलेक्टर रेट का 5 प्रतिशत विकास शुल्क लगेगा। यानी कलेक्टर रेट हर वर्ष बढते हैं तो विकास शुल्क भी हर वर्ष बढ़ता चला जाएगा। सरकार जनता को दोनों हाथों से लूटने का काम करने पर उतारू है। सरकार का यह कदम तुगलकी फरमान है। इसे तुरंत वापस लेना चाहिए। अन्यथा आम आदमी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। उपरोक्त बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विमल किशोर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहीं।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विमल किशोर ने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर इतने भारी टैक्स लगाना सरासर अन्याय है। इस आदेश के मुताबिक यदि किसी व्यक्ति ने अपना 100 गज का मकान बनवाना है तो उस पर लगभग दो लाख रुपये लगेंगे। यह फरमान लाल डोरे और पुराने शहरों पर भी लागू होगा, जहां पर कई इलाकों में 100 गज के प्लाट की कीमत भी दो लाख से कम हो सकती है। यानी प्लाट की कीमत से ज्यादा नक्शा पास करवाने के पैसे लगेंगे और बिल्डिंग मटेरियल भी पहले से काफी महंगा हो चुका है।
इस प्रकार गरीब आदमी के लिए मकान बनाना बहुत ही मुश्किल हो जाएगा। दूसरी तरफ इतने भारी भरकम विकास शुल्क के कारण कुछ लोग रिश्वतखोरी को बढ़ावा देंगे और बिना नक्शा पास कराए मकान बनवांएगें, जिससे भ्रष्टाचार भी बढ़ेगा। विमल किशोर ने कहा कि इस आदेश के मुताबिक पहले से विकास शुल्क जमा करवा चुके लोगो को यदि अपने मकान में कोई भी निर्माण करवाना या बदलाव करवाना है, तो उन्हे भी नये विकास शुल्क के हिसाब से पैसा देना होगा। विमल किशोर ने सरकार से मांग की कि इस तुगलकी फरमान को वापस लिया जाए। यदि भारी-भरकम विकास शुल्क के आदेश वापस नहीं लिए गए तो आम आदमी पार्टी जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।