- गीता भवन माडन टाउन में मनाया गया श्री राम परिवार का वार्षिकोत्सव
- स्वामी दिव्यानंद भिक्षु महाराज के सान्निध्य में हर्षोल्लास के साथ किया आयोजन
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा की पूर्व केबिनेट मंत्री कविता जैन ने आम जनमानस का विशेष रूप से युवाओं का आह्वान किया कि वे भगवान श्रीराम के चित्र का पूजन करते हुए उनके चरित्र को आत्मसात कर जीवन में आगे बढ़ें। भगवान राम के चरित्र को अपनाकर हम अपने जीवन को सुखद और सफल बना सकते हैं। पूर्व मंत्री कविता जैन गीता भवन माडल टाउन स्थित श्रीराम परिवार संस्था के वार्षिकोत्सव में शामिल श्रद्घालुओं को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। स्वामी दिव्यानंद भिक्षु महाराज के विशेष सान्निध्य में वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पूर्ण विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ करते हुए पूजा अर्चना की गई।
पूर्व मंत्री कविता जैन ने भगवान श्रीराम की चरण वंदना करते हुए उनके चरित्र को अपनाने पर विशेष रूप से बल दिया। उन्होंने कहा कि भगवान राम सर्वगुण संपन्न थे, जिनका जीवन एक उदाहरण है। जीवन में आने वाली विभिन्न प्रकार की परिस्थितियों में हमारे आचरण को निर्धारित करने के लिए उनका जीवन प्रेरणास्त्रोत है। उनके जीवन का हर पहलू प्रेरणाओं से भरा हुआ है, जिनसे हम अपने जीवन में मार्गदर्शन हासिल कर सकते हैं।
पूर्व मंत्री कविता जैन ने इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि श्रीराम परिवार सरीखी संस्थाओं के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बन रहा है। वे हमारी संस्कृति हैं, जिनसे सभ्यता को बल मिला है। संस्कारों के जनक हैं, जिनके बिना हिंदुस्तान की कल्पना निरर्थक है। इसलिए भावी पीढिय़ों को भगवान श्रीराम से जोडऩा चाहिए। समारोह की अध्यक्षता कर रहे स्वामी दिव्यानंद भिक्षु जी महाराज ने सभी को आशीर्वाद देते हुए वार्षिकोत्सव की बधाई दी। साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रोत्साहित किया कि वे श्रीराम के आदर्शों व संदेश को जीवन में धारण करें।