- हरियाणा का नौजवान देश की रक्षा करने में हमेशा से ही अग्रणी रहा
- हरियाणा के लोगों ने विश्व पटल पर अपनी प्रतिभाओं से अलग-अलग क्षेत्रों में अपना लोहा मनवाया
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा दिवस के मौके पर सोमवार को मिशन रोड स्थित मैथोडिस्ट सीनियर सैकेंडरी स्कूल में एक भव्य शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़ चढक़र भाग लिया। विद्यार्थियों ने हरियाणवीं संस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं द्वारा हरियाणवीं परिधान में मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कर कार्यक्रम को चार चांद लगा दिया। कार्यक्रम की शुरूआत सेवानिवृत्त् अध्यापिका निर्मलजीत द्वारा की गई। जबकि मंच संचालन भावना चौहान द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में दूसरी कक्षा की हेतल ने चुंडी जयपूर की पर बहुत ही शानदार डांस किया। 12वीं कक्षा के सचिन और मोहित ने हरियाणवीं चुटकले सुनाये। छात्राओं गुंजन, दीपिका, रीतिका, स्नेहा, इशिका, भूमिका, महक, कोमल और खुशी ने हरियाणवीं गीत पर सुन्दर प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा अस्तित्व में आया था। उससे पहले हरियाणा पंजाब का हिस्सा था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल प्रिंसीपल रीना मनी ने कहा कि हरियाणा का युवा वर्ग हमेशा से देशभक्ति के जज्बे के लिए जाना जाता है, उसी का परिणाम है कि खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने अपना परचम विश्व भर में लहराया है। हरियाणा का नौजवान देश की रक्षा करने में हमेशा से ही अग्रणी रहा है। हरियाणा देश के छोटे राज्यों में गिना जाता है और हरियाणा की आबादी देश की 2.5 फीसदी है, जबकि सेना में हरियाणा के युवाओं की उपस्थिति 10 फीसदी से भी अधिक है, जो हरियाणा की पावन मिट्टी में पैदा हुए देशभक्ति के जज्बे को दर्शाता है। हरियाणा के लोगों ने विश्व पटल पर अपनी प्रतिभाओं से अलग-अलग क्षेत्रों में अपना लोहा मनवाया है।
हरियाणा के रहन-सहन, खान-पान और बोली देश के दूसरे राज्यों से अलग पहचान बनाती है। यहां के युवा शुरुआत से ही हर क्षेत्र में चाहे वह खेल हो, राजनीति, अंतरिक्ष या कोई दूसरा क्षेत्र सभी में कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। देश की आजादी में प्रदेश के वीरों का अहम योगदान रहा है। आज देश की सेना में हर दसवां जवान हरियाणा से है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। इस दौरान पुष्पा देवी, सुशील कुमार, अरूण मनी, कुसुम, सुजाता, सुमन सेठ, एलिस मसीह, अनिता रानी, भावना, राजीव, मंती, संजू आदि मौजूद रहे।