धू-धू कर जला दशानन
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। असत्य पर सत्य की विजय के रूप में रावण के पुतलों का दहन किया गया। सोनीपत शहर के शिव नगर में जय श्रीराम ग्रुप के सदस्यों हर्ष मेहरा, अक्ष जैन, दिव्यम जैन, श्रयांश जैन, मयंक जेन, वंश जैन आदि ने मोहल्ले में 15 फुट लंबे रावण का दहन किया। बच्चों ने करीब 15 दिन की कडी मेहनत से खुद ही रावण के पुतले का निर्माण किया।
उल्लेखनीय है कि आज की युवा पीढ़ी ने आज भी अपने संस्कारों को नहीं छोडा है। वहीं मंहगाई की मार अब रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों पर भी भारी पड़ी है, क्योंकि महंगाई के कारण अब पुतलों का कद घट गया है। दशहरे पर्व के दृष्टिगत सभी बाजारों में खासी चहल पहल रही। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक प्रबंधक किए थे। जानकारी के अनुसार शहर में कई जगहों पर पुतला दहन किया गया।
इस बार हर जगह पर पुतलों का साइज छोटा किया गया। कामी रोड स्थित श्री रामलीला सभा, द्वारा रावण का पुतला बनाया गया। इस बार पुतलों में नाम मात्र के पटाखे लगाए गए हैं। इसके अलावा अन्य संस्थाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में विधिवत ढंग से बुराई के प्रतीक रावण का पुतला फूंका गया। रावण दहन के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरण किया। दोपहर बाद बाजारों में अधिक भीड़ हो गई, वाहनों का आवागमन भी कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। हलवाईयों की दुकानों पर भी मिठाई खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। इस पर्व के दृष्टिगत जिला पुलिस जशनदीप सिंह रंधावा ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंधक कर रखे थे। आला अधिकारी भी लगातार गश्त कर रहे थे।