रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। जिले में शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। महलाना रोड पर स्थित शिव शक्ति नारायणी माता मंदिर सेवा समिति द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की छठी महोत्सव श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए श्रीकृष्ण के भजन गाते हुए कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन पहुंचे, जहां पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने राजीव जैन का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गीता का संदेश दिया।
भगवान श्रीकृष्ण ने बचपन से ही अपनी लीलाओं के माध्यम से पापियों का नाश करने और पूरी दुनिया को संदेश दिया। जब भी कोई विप्पत्ति आए तो उसका मुकाबला साहस के साथ करना है। एक-एक करके सभी दुष्टों का नाश किया। उन्होंने कहा कि जब भी मनुष्य पर संकट आया है श्री कृष्ण ने उसे दूर किया है। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से प्रसाद वितरित किया गया। वहीं शिव नगर स्थित गोपाल कीर्तन मंडल (भूरे बाबा मंदिर) में भगवान श्रीकृष्णजी की छठी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। मंदिर समिति द्वारा श्रीकृष्ण को स्नान कराकर पूजा अर्चना की। महिलाओं ने गाचते गाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर उपस्थितजनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंदिर समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर अनेकों श्रद्धालु मौजूद रहे।