- अतिरिक्त उपायुक्त अशोक कुमार बंसल ने दिलाई सद्भावना की शपथ
– -राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भावना को बढ़ाने के लिए करें हर संभव प्रयास: अतिरिक्त उपायुक्त
-लघु सचिवालय परिसर में किया गया शपथ समारोह का आयोजन
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। अतिरिक्त उपायुक्त अशोक कुमार बंसल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सद्भावना की शपथ दिलाते हुए राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भावना को मजबूती देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व बनता है कि वह राष्ट्र को प्राथमिकता देते हुए जीवन में आगे बढ़े। लघु सचिवालय परिसर में सद्भावना दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त उपायुक्त अशोक कुमार बंसल शामिल हुए। लघु सचिवालय स्थित कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उन्होंने सद्भावना की प्रतिज्ञा दिलाई।
उन्होंने कहा कि जाति, संप्रदाय, क्षेत्र तथा धर्म और भाषा के भेदभाव के बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता व सद्भावना के लिए कार्य करें। उन्होंने शपथ दिलाई कि हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेद बातचीत व संवैधानिक माध्यमों से सुलझायेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त बंसल ने कहा कि सद्भावना दिवस बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह आपसी भाईचारे व एकता को बल प्रदान करता है। हर प्रकार के भेदभाव को मिटाने का संदेश प्रसारित होता है। देश की एकता व अखंडता को ताकत मिलती है। इस मौके पर नगराधीश जितेंद्र जोशी, डीआईपीआरओ सुरेश सरोहा, ज्योति, सुनीता देवी, नाजर राजेश, अशोक राणा, डा. रितु, ममता शर्मा, स्वदेश, राकेश, पूजा, उपासना, पवन, राममेहर आदि मौजूद थे।