- -कूड़ा निस्तारण की दिशा में कचरा से ऊर्जा संयंत्र मील का पत्थर होगा साबित : मुख्यमंत्री
- -750 टन कचरा की क्षमता प्रतिदिन, आठ मेगावाट विद्युत का होगा उत्पादन प्रति घंटा
- -सोनीपत-गन्नौर-समालखा-पानीपत से घर-घर से कूड़ा उठाकर करेंगे विद्युत उत्पादन: सांसद कौशिक
- -मेहनत ने लिया साकार रूप, लोगों को मिलेगी विशेष सुविधाएं: पूर्व मंत्री कविता जैन
- -मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरूग्राम से ऑनलाइन माध्यम से लोकार्पण किया संयंत्र का
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से ताजपुर में स्थापित कचरे से ऊर्जा संयंत्र (वेस्ट टू एनर्जी प्लांट) को ऑनलाईन माध्यम से लोकार्पित किया। उन्होंने कहा कि कूड़े से विद्युत उत्पादन की दिशा में सोनीपत का संयंत्र मील का पत्थर साबित होगा। संयंत्र की क्षमता अभी 750 टन प्रतिदिन तथा प्रति घंटा आठ मेगावाट विद्युत उत्पादन की है।
गुरूग्राम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जेबीएम ग्रुप के सहयोग से स्थापित कचरे से ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 2017 में संयंत्र स्थापना की ओर कदम बढ़ाये गये थे। आज संयंत्र की शुरुआत सुखद है। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले इंसान की रोटी-कपड़ा और मकान ही पहली जरूरत थी। समय के साथ आवश्यकताओं में परिवर्तन होता रहा है। अब पर्यावरण की पुरजोर आवश्यकता है। कोविड काल ने भी पर्यावरण के महत्व से अवगत करवाया है। ऐसे में यह संयंत्र बहुत महत्वपूर्ण है, जिससे लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी। इस दौरान उन्होंने गुरूग्राम में ई-ऑटो योजना तथा शुद्ध पेयजल परियोजना को भी लोकार्पित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। बेहतरीन व्यवस्थाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश लगातार प्रगति की ओर अग्रसर है।
इस दौरान सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि सोनीपत-गन्नौर-समालखा-पानीपत के कचरा प्रबंधन के लिए संयंत्र स्थापित किया गया है, जिससे आम जनमानस को विशेष राहत मिलेगी। घर-घर से कूड़ा एकत्रित करके संयंत्र में लाया जाएगा, जहां कचरे को विद्युत में परिवर्तित किया जाएगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वप्र है कि कूड़े से बिजली का उत्पादन किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में बेहतरीन प्रयास किये जायेंगे। शहर के विकास को भी इससे बल मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जगह-जगह लगने वाले कूड़े के ढ़ेर से लोगों को छुटकारा मिलेगा। यह महत्वपूर्ण परियोजना है। कचरे से विद्युत व खाद उत्पादन स्वागत योग्य है। लोगों को साफ-सुथरा व शुद्ध वातावरण मिलेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य को भी लाभ होगा। पूर्व मंत्री कविता जैन ने संयंत्र के शुभारंभ अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने आज साकार रूप हासिल किया है। संयंत्र से लोगों को खासी सुविधाएं मिलेगी। पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने संयंत्र की बधाई देते हुए कहा कि लोगों के घर-घर से कूड़ा उठाकर उससे विद्युत उत्पादन किया जाएगा। लोगों को कूड़े से होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।