- -सुमित को स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए करेंगे नाम प्रस्तावित
-हॉकी खिलाड़ी सुमित पूरे भारतवर्ष का बेटा जिन्होंने विश्व में किया नाम ऊंचा : सुभाष चंद्रा
-वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने सुमित के घर जाकर दी मुबारकबाद
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। स्वच्छ भारत मिशन तथा स्टेट टास्क फोर्स के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने भारतीय पुरूष हॉकी टीम के सितारे ओलंपियन सुमित कुराड़ को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे सुमित के नाम को स्वच्छ भारत मिशन का हरियाणा का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने के लिए प्रस्तावित करेंगे। स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाषचंद्रा गुरूवार को सुमित के आवास पर पहुंचे। उन्होंने सुमित तथा उनके परिवारजनों व सगे-संबंधियों को बधाई देते हुए कहा कि हॉकी के स्टार खिलाड़ी सोनीपत ही नहीं पूरे भारतवर्ष के सपूत हैं।
सुमित ने विश्व में देश का नाम ऊंचा किया है, जिसके लिए उनकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। करीब चार दशक के उपरांत भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने ओलंपिक में सफलता हासिल की है। यह नया इतिहास रचा है। इतिहास रचयिताओं में सुमित प्रमुखता से शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सुनहरे पल हैं, जो हॉकी टीम ने दिए हैं। इस टीम का हिस्सा होना ही गौरवमयी उपलब्धि है। कुराड़ के मूल निवासी सुमित इस टीम में शामिल रहे हैं जो एक नया इतिहास रचकर स्वदेश लौटी है। इसके लिए वे विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। सुमित ने फर्श से अर्श पर पहुंचने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत की है जो हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी।