- कुराड के ग्रामीणों वह खेल प्रेमियों ने निकाला विजयी जुलूस
- ओलंपिक कांस्य विजेता को सरकार देगी अढाई करोड रूपए : जैन
– टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचकर लौटे सुमित ने किया प्रदेश को गौरवान्वित - -मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार ने किया बहालगढ चौक पर किया जोरदार स्वागत
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद देश को कांस्य पदक दिलाने वाली पुरूष हॉकी टीम के सदस्य कुराड़ गांव के सुमित का बहालगढ़ चौक पर भव्य अभिनंदन किया गया। टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारतीय हॉकी पुरूष टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। हॉकी टीम में सुमित प्रमुख खिलाड़ी के रूप में शामिल रहे, जिनका घर वापसी के दौरान बहालगढ़ में शानदार स्वागत किया गया। सुमित के सम्मान में विजयी जुलूस भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों व आम जनमानस ने हिस्सा लिया।
बहालगढ़ से वाहन में सवार करवाकर सुमित को ढ़ोल-बाजे के साथ हर्षोल्लास से गांव कुराड़ लाया गया। गांव के प्रमुख द्वार पर भी सुमित का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने ओलंपिक में 41 साल बाद देश को कांस्य पदक दिलाने वाली पुरूष हॉकी टीम के सदस्य सुमित का भव्य स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें अढाई करोड रूपए का पुरस्कार देगी। उन्होंने कहा कि सुमित के इस शानदार प्रदर्शन से सोनीपत ही नहीं, पूरे प्रदेश के युवा खिलाडियों को प्रेरणा मिलेगी।
बुधवार सुबह टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता पुरूष हॉकी टीम के प्रतिभाशाली खिलाडी सुमित का सोनीपत पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। पैतृक गांव कुराड पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा के प्रदेश प्रभारी राजीव जैन ने बहालगढ चौक पर सुमित के पिता प्रताप सिंह, भाई अमित के साथ पहुंचे। सुमित का माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ओलंपिक कांस्य विजेता टीम के सदस्य सुमित को अढाई करोड रूपए का नकद पुरस्कार, पालिसी के अनुरूप नौकरी एवं लाभ देने का ऐलान किया है। उन्होंने खुशी जताई कि सुमित के प्रदर्शन से प्रदेश भर में युवा खिलाडी राष्ट्रीय खेल हॉकी की ओर प्रेरित होंगे।
उन्होंने कहा कि 41 वर्षों के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने ओलंपिक में सफलता हासिल की है। भारतीय पुरूष हॉकी टीम फिर से अपनी पुरानी लय प्राप्त कर रही है, जिसमें समर्पित एवं मेहनती युवा खिलाडिय़ों का जज्बा देखते ही बनता है। सुमित का इस टीम का हिस्सा होना पूरे सोनीपत ही नहीं अपितु समस्त हरियाणा प्रदेश को गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि है। इस खिलाड़ी ने अपने गांव का नाम भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमका दिया है। बेहद साधारण परिवार के इस युवा खिलाड़ी ने युवाओं को खेलों में आगे बढऩे के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया है।