-
मेरठ में एक बार फिर रिश्तों का कत्ल
-
– सौतेले भांजे ने ही किया था मामा का कत्ल
मेरठ, मुकेश ठाकुर। मेरठ में एक बार फिर रिश्तो के कत्ल की कहानी सामने आई है। फलावदा के संजय की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सौतेले भांजे को गिरफ्तार किया है। तंत्र मंत्र के शक और घर के मामलों में दखलअंदाजी से नाराज भांजे ने सौतेले मामा की कनपटी पर तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के साथ आला ए कत्ल भी बरामद कर लिया है। घटना मेरठ के थाना फलावदा क्षेत्र की है ।जहां कुछ दिन पहले संजय नाम के शख्स की हत्या के बाद उसका शव बरामद हुआ था।
पुलिस पिछले कई दिनों से इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री पर काम कर रही थी। तफ्तीश के दौरान जो खुलासा हुआ उसे देख कर सब के पैरों तले जमीन निकल गई। एसपी देहात केशव कुमार के अनुसार, संजय की हत्या उसी के सौतेले भांजे मोनू ने की थी। मोनू के पिता ने संजय की बहन से दूसरी शादी की थी। मोनू पिता की दूसरी शादी के खिलाफ था। लेकिन उसके बाद सौतेली मां और मामा की दखलअंदाजी घर में जरूरत से ज्यादा बढ़ गई। घर के हर छोटे बड़े मामलों में संजय दवाब बनाता था। इसके अलावा मोनू को शक था कि संजय और उसकी सौतेली माँ मिलकर तंत्र मंत्र करते हैं। जिसके चलते उसके घर की शांति भंग हो रही है और परिजनों की तबीयत लगातार खराब हो रही है। खुद उसकी भी तबीयत कई बार खराब हुई।
सऊदी अरब में नौकरी के दौरान भी उसकी तबीयत खराब हुई। जिसके बाद उसने एक पंडित से संपर्क किया तो उसने घर में तंत्र मंत्र होने की बात कही। बस यही बात मोनू के मन में घर कर गई, और उसने अपने सौतेले मामा संजय की हत्या की प्लानिंग कर डाली। प्लानिंग के तहत रात को घर में जब सब सो गए तो उसने संजय का तमंचा चुराकर उसकी कनपटी पर रखकर गोली मार दी और फिर अपने घर में वापस चला गया। सुबह गोली लगा शव मिलने से हड़कंप मच गया और फिर ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री पर पुलिस ने जांच करना शुरू कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। साथी उसके पास से आला ए कत्ल यानी तमंचा भी बरामद कर लिया है।फिलहाल पुलिस आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।