नगर निगम सोनीपत ने शुरू किया बन्दर पकड़ो अभियान
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। पिछले काफी समय से शहर में बंदरों के आतंक से शहरवासियों को अब निजात मिलने की उम्मीद जगी है। शुक्रवार को मेयर निखिल मदान ने निगम अधिकारियों के साथ हरसाना गांव में बनी नन्दीशाला का दौरा किया। यहां सोनीपत शहर से पकड़े गए बंदरों को रखा गया है। मेयर निखिल मदान ने बताया कि नगर निगम सोनीपत द्वारा निगम क्षेत्र में घूम रहे बंदरों को पकड़ने का टेंडर जारी किया गया है। अब शहर के किसी भी कोने में बंदरों को पकड़वाने के लिए कोई भी आम नागरिक बिजेंद्र ठेकेदार (9991075978) और नगर निगम सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार (9053018133) को उनके मोबाइल नम्बर पर फोन करके सूचना दे सकता है। जहां ठेकेदार की टीम जाकर बंदरों को पकड़ कर लाएगी।
फिलहाल हरसाना कलां में नन्दीशाला के अंदर बंदरों को रखा जाएगा। जैसे ही इनकी संख्या 60-70 हो जाएगी, उसके उपरांत इनका मेडिकल करवाकर इन्हें यमुनानगर के जंगलों में छोड़ दिया जाएगा। मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह ने बताया की नगर निगम द्वारा वाइल्ड लाइफ के अधिकारियों को सूचित किया जाएगा और उनकी निगरानी में बंदरों का मेडिकल किया जाएगा। मेयर निखिल मदान ने बताया कि बंदरों की तरह ही सड़कों पर घूम रहे पशुओं (गौवंशों) के लिए भी नगर निगम योजना तैयार कर रहा है, ताकि आमजन को सड़कों और बाजारों में उनसे राहत मिल सके। इस मौके पर निगम अधिकारी साहब सिंह, कृष्ण कुमार, ठेकेदार बिजेंद्र सिंह, जुगल ज्योति एवं अन्य लोग मौजूद रहे।