-भगवान परशुराम चौक निर्माण का लिया जायजा, उनके चित्र पर अर्पित किए पुष्प
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार थे और हमेशा ही निर्बलों का साथ दिया। उनके नाम में ही पराक्रम झलकता है, क्योंकि परशु शब्द पराक्रम का और राम शब्द सत्य सनातन का प्रतीक है। इसलिए हमें उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए समाज को रास्ता दिखाना होगा। लॉकडाउन की अवधि में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन ने आईटीआई चौक पर निर्माणाधीन परशुराम चौक का जायजा लिया तथा भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। राजीव जैन ने कहा कि भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के समन्वय का नाम है और संतुलन उनका पैगाम रहा है।
भगवान परशुराम अक्षय तृतीया को जन्मे हैं, इसलिए परशुराम की शस्त्र शक्ति भी अक्षय है और शास्त्र संपदा भी अनंत है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा के अभिमंत्रित दो दिव्य धनुषों की प्रत्यंचा पर केवल परशुराम ही बाण चढ़ा सकते थे। यह उनकी अक्षय शक्ति का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि वह किसी एक समाज के नहीं थे, बल्कि सभी समाजों के पूज्य हैं। उन्होंने जो संदेश दिया वह आज भी कारगर है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम शास्त्र और शस्त्र के ज्ञाता थे। उन्होंने पूरा जीवन अन्याय का विरोध किया और दीन दुखियों और जरूरतमंदों की मदद की है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को रास्ता दिखा रही हैं। भाजपा राजीव जैन ने जिला ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों के साथ निर्माणाधीन परशुराम चौक का जायजा भी लिया। श्याम लाल कौशिक ने बरसों पुरानी मांग को पूरा करने के पूर्व मंत्री कविता जैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग से जमीन की मंजूरी दिलाने से लेकर भव्य परशुराम चौक बनाने के लिए पूर्व मंत्री कविता जैन द्वारा अपने स्वैच्छिक कोष से 10 लाख रुपए देकर समाज को एक बेहतर मंच उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण चौक का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया, अन्यथा आज इस भव्य चौक का लोकार्पण हो रहा होता।