रणबीर सिंह, सोनीपत। पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि हमारी दिनचर्या में धर्म मार्ग पर आगे बढऩा महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि जीवन में भागदौड और बढ़ती चुनौतियों के चलते हमारे व्यवहार में जो नकारात्मक प्रवृतियों की अधिकता होती है, उसे खत्म करते हुए जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत करना अनिवार्य हो गया है।
रोहतक रोड स्थित जोगी धर्मशाला में चल रही भागवत कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि मनुष्य अपने जीवन में परिवार और समाज के आवरण में रहते हुए प्रगति करता है। इस अवधि में उसका सामना कई प्रकार की चुनौतियों से होता है, जिनका निरंतर सामना करते हुए वह कई बार अधीर भी हो जाता है। ऐसी स्थिति में मनुष्य से वह गलतियां हो जाती हैं, जिन्हें वह खुद करना नहीं चाहता था, लेकिन परिस्थितिवश कर बैठता है। हमें ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए सबसे उपयुक्त माध्यम धर्म मार्ग पर आगे बढऩा है। इसलिए भागवत कथा का श्रवण न केवल हमारे मन को शीतलता प्रदान करता है, अपितु जीवन में अपने उद्देश्य और लक्ष्यों के प्रति केंद्रित भी बनाता है।
उन्होंने कहा कि हमें जीवन में धार्मिक आवरण में रहना अपनी दिनचर्या में शामिल करना होगा, जिसका निश्चित तौर पर बडा लाभ होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वह युवा वर्ग को इन गतिविधियों का भागीदार बनाने में आगे आएं, ताकि युवा वर्ग समाज के प्रति अपने लक्ष्यों पर आगे बढऩे की प्रेरणा पा सके। इससे पूर्व उन्होंने कलश यात्रा में भी भागीदारी की। इस मौके पर प्रीति रामानुज, उमेद प्रधान जोगी समाज, योगेंद्र भारद्वाज, आलोक शर्मा, रामकुमार दीवान, बलजीत सिंह, संदीप, प्रेम सिंह, ओमप्रकाश, संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।