भाजपा-जजपा पर लगाया कर्मचारियों के वादे पूरे न करने का आरोप, तीन चरणों में किया जाएगा आंदोलन
रणबीर सिंह, सोनीपत। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने भाजपा-जजपा सरकार पर घोषणा पत्र में कर्मचारियों से किए वादों को लागू न करने का आरोप लगाते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने पुरानी पेंशन, डीए व एलटीसी बहाली, ठेका प्रथा खत्म कर ठेका कर्मियों को सीधे विभागों के पे-रोल पर लेने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पक्का होने तक समान काम समान वेतन व सेवा सुरक्षा प्रदान करने जैसी मांगों की उपेक्षा करने का भी आरोप सरकार पर जड़ा। वीरवार को जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष लांबा ने कहा कि आंदोलन के पहले चरण में 6 से 15 फरवरी तक राज्य के सभी विधायकों व सांसदों को कर्मचारियों की लंबित मांगों के ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
अगले चरण में 26 फरवरी को सभी जिला मुख्यालयों पर धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपायुक्तों को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के तीसरे चरण में 7 मार्च से 28 मार्च तक सभी कैबिनेट व राज्य मंत्रियों के आवासों पर सामूहिक धरने आयोजित कर प्रदर्शन किए जाएंगे। जिला कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान राममेहर शर्मा ने की और संचालन जिला सचिव जय भगवान दहिया ने किया। बैठक में रमेश अत्री, बिजेंद्र चहल, धर्मपाल मलिक, सतबीर धनखड़, नवीन राणा, औम प्रकाश मलिक, महेंद्र सैनी, श्याम सुंदर, मास्टर जोगिंदर, सुनील दत्त, संजीव रस्तोगी, अनिल शर्मा, मुल्कराज आदि मौजूद थे।