राजेन्द्र कुमार, सिरसा। केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों को लेकर हरियाणा में इनेलो के एकमात्र विधायक अभय सिंह चौटाला के इस्तीफा देने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पूर्व संसदीय सचिव व भाजपा नेता रामपाल माजरा के कल भाजपा छोड़ देने के बाद आज फतेहाबाद के पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने किसानों का अपना समर्थन देते हुए भाजपा को अलविदा कह दिया। पूर्व विधायक भगवान सिंह दौलतपुरिया पैतृक गांव दौलतपुरिया में एक किसान सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता किसान नेता मनदीप सिंह नत्थवान ने की।
इस किसान सभा में ग्रामीणों ने गांव के लाडले व पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया को बुलाया और केंद्र सरकार द्वारा किसानों के साथ बर्बरता पूर्वक व्यवहार का हवाला देते हुए भाजपा को तिलांजलि देने की कहीं। ग्रामीणों की इस मांग पर भाजपा नेता व पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने तुरंत अपनी गाड़ी से भारतीय जनता पार्टी के झंडे को उतारते हुए किसान आंदोलन का झंडा लगा दिया। पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया का कहना है कि वह किसान परिवार में जन्मे हैं। किसानी उनके लिए प्राथमिकता है, एक किसान का बेटा होने के नाते गांव के लोगों के आग्रह पर उन्होंने भाजपा को छोड़ा है। उन्होंने फिलहाल किसी अन्य दल में जाने को लेकर कुछ नहीं कहा। बता दें कि बलवान सिंह दौलतपुरिया वर्ष 2014 में फतेहाबाद सीट से इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ा था और विधायक बने। बलवान सिंह दौलतपुरिया वरिष्ठ इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के करीबी मित्र माने जाते हैं, कयास लगाए जा रहे हैं कि बलवान सिंह जोधपुरिया फिर गृह वापसी करेंगे।