कुरुक्षेत्र। हरियाणा के पूर्व आईजी रणबीर सिंह शर्मा ने कहा कि तीन काले कानून बनाकर केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों की जमीनों को पूंजीपतियों द्वारा लूटने के लिए छोड़ दिया है। कहने को तो सरकार कह रही है कि किसानों की आय दोगुनी कर देगें, लेकिन हालात ये हो गए हैं कि किसान अपनी जमीनों को बेचने पर मजबूर होने लगे हैं। वे सोमवार को पानीपत टोल प्लाजा पर किसानों का समर्थन कर संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ दीपक, संदीप उटाला, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र चीमा, बिल्लू व बलकार सिंह ने भी संबोधित किया। शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार के लिए शर्म की बात है कि आज दिसंबर-जनवरी की ठंड में किसान अपने बच्चों व फसलों से दूर सडक़ पर पडे हैं, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार अपनी आंखों को बंद किए हुए है।
सत्ता के नशे में सरकार में बैठे लोग किसानों को कभी आतंकवादी व कभी देशद्रोही करार दे रहे हैं। इससे साबित हो जाता है कि भाजपा के लोग कितने किसान हितैषी हैं। पूर्व आईजी ने कहा कि तीन कृषि कानूनों को लेकर किसान प्रतिनिधियों व सरकार के बीच बैठक चल रही है। सरकार को बिना देरी किए किसानों की सभी मांगों को मान लेना चाहिए। शर्मा ने मांग करते हुए कहा कि कृषि कानूनों को वापस लेने के साथ-साथ आंदोलन में शहीद हुए किसानों को मुआवजा दिया जाए व आंदोलन के दौरान किसानों पर जो मुकदम किए गए हैं उनको वापस लिया जाए। टोल प्लाजा पर आवाज बुलंद करते हुए शर्मा ने सरकार से सभी टोल टैक्स को फ्री किया जाए।