रणबीर सिंह, सोनीपत। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस मेयर पद प्रत्याशी निखिल मदान ने रविवार को शहर के सेक्टर 23 समेत विभिन्न कालोनियों और कस्बों में दर्जनों जन सभाओं को सम्बोधित किया। निखिल मदान ने कहा कि सोनीपत नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने युवाओं पर पूर्णत: भरोसा जताते हुए मेयर पद समेत 15 युवाओं को पार्षदों की टिकट दी है। लोगों को संबोधित करते हुए निखिल मदान ने कहा कि कांग्रेस सरकार में सोनीपत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलोनी और गांवों में विकास कार्य हुए है, जो कार्य कांग्रेस सरकार में शुरू हुए थे वह काम पिछले 6 साल में भी ये सरकार पूरा नहीं करवा पाई। भाजपा ने विकास के नाम पर सिर्फ लोगों को झूठ बोलकर गुमराह किया, जात पात के नाम पर लोगों को लड़ाकर 36 बिरादरी का भाईचारा खराब किया। निखिल मदान ने कहा कि वे पिछले कुछ वर्षों से लगातार जनता के बीच है और उनकी हर छोटी बड़ी समस्याओं को दूर करने में प्रयासरत है।
कोरोना महामारी के समय जब अधिकांश नेता अपने घरों में बैठे थे तब वे और कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता लगातार जनता की सेवा में लगे हुए थे। आज कुछ नेता आप लोगों के बीच आकर आपका हमदर्द बनने की कोशिश कर रहे है। निखिल मदान ने बताया कि उनका पूरा चुनाव सकारात्मक मुद्दों पर आधारित है और शहर की हर समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए वह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में कांग्रेस के चुनावी पर्यवेक्षक धर्मपाल गुप्ता, राजकुमार कटारिया, भलेराम जांगड़ा, गौरव कौशिक, राजेश बवेजा, रमेश बजाज, रोहित आहूजा, बिन्नी भारद्वाज, हवा सिंह बोहत, राकेश नरवाल पूर्व पार्षद, हरि प्रकाश मंडल, सुरेन्द्र दहिया, रोहित हुड्डा, दलेल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।