रणबीर सिंह, सोनीपत। पेंशन बहाली संघर्ष समिति ब्लॉक कार्यकारिणी गोहाना द्वारा खानपुर जलघर में सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष देवराज बाल्यान ने जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की बैठक को संबोधित किया। जिसमें एक नवम्बर को गोहाना में पेंशन अधिकार दिवस के लिए कर्मचारियों को गोहाना पहुंचने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि एनपीएस कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए नई पेंशन का कोई भी लाभ नहीं है और न उनकी पूंजी ही सुरक्षित है। विधानसभा चुनाव में जेजेपी प्रमुख दुष्यंत चौटाला ने भी अपने घोषणा पत्र में पेंशन बहाली का वायदा किया था पर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने भी कर्मचारियों के लिए वायदाखिलाफी की।
उन्होंने सरकार से मांग की के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन तुंरत बहाल करे, ताकि कर्मचारी की वृद्धावस्था में सुख से रह सके, क्योंकि नई पेंशन योजना कर्मचारीहित में नहीं है। जिला सहसचिव विनोद शर्मा ने कहा कि सोनीपत के अलावा पानीपत, रोहतक तथा जींद से कर्मचारी पेंशन अधिकार दिवस पर गोहाना पहुंचेंगे। बिजेंद्र सिंह, मोनू, नवीन जांगड़ा, नवीन शर्मा, नवीन सांगवान, गितेश रोहिल्ला, सुशील शर्मा, अंकुर, राजेश, अमन, संदीप, राजीव अत्रि, राजेश घडवाल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त करके पुरानी पेंशन बहाल करने की सरकार से मांग की।