रणबीर सिंह, सोनीपत। शहर के रामनगर, कालूपुर क्षेत्रवासियों से उनकी समस्या जानने के लिए रविवार को क्षेत्र में पहुंचे नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अशोक छाबड़ा का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान क्षेत्रवासियों ने अशोक छाबड़ा से कहा कि जिस तरह से वे शहर के विकास के लिए क्षेत्र टू क्षेत्र अभियान चलाकर उनकी समस्या का निदान करा रहे हैं। समय आने पर वे भी उनके साथ कदम बढ़ाने के लिए तैयार रहेंगे। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पूर्व चेयरमैन को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया।
लोगों ने पूर्व चेयरमैन को क्षेत्र का हाल दिखाते हुए कहा कि रामनगर कालूपुर में विभिन्न समस्याओं का बोलबाला है। क्षेत्रवासियों की शिकायत सुनने के बाद ऐसे कांग्रेस नेता अशोक छाबड़ा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को शहरवासियों की ना सुनने की आदत हो गई है, यही वजह है कि निगम अधिकारी के पास कई बार शिकायत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता। शहरवासी समस्या से परेशान होकर न सिर्फ निगम प्रशासन को कोस रहे हैं, बल्कि अधिकारियों की कार्यप्रणाली के प्रति रोष प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने रामनगर व कालूपुर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर की बागडोर जब से निगम प्रशासन के हाथों हुई है, तभी से शहरवासी अपनी समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों के कार्यालय पर लगातार जाकर गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक निगम चुनाव नहीं होंगे तब तक ऐसे ही निगम प्रशासन की मनमानी सहन करनी होगी। इस दौरान प्रदीप गौतम, भूपेन्द्र गहलावत, सीमा गोयल, पूनम, रामकंवार गर्ग, अनीता आंतिल, पूनम राठी, जगो राठी, सुमित्रा, सरोज, संगीता, रेखा, आनंद दहिया, आकाश व अजय राठी आदि मौजूद थे।