क्षेत्रवासियों ने एजेंसी पर लगाया मनमानी का आरोप, नगर निगम से की कार्रवाई की मांग
रणबीर सिंह, सोनीपत। शहर के दिल्ली रोड पर स्थित खन्ना कालोनी में गलियों के निर्माण के काफी समय पहले हो चुके टेंडर के बाद भी एजेंसी अपने काम के प्रति गंभीर नहीं है। जो काम शुरू हो चुके हैं, उन्हें भी राजनीति सिफारिश के कारण एजेंसी ने बंद कर दिया गया है। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में निगम के अधिकारियों के पास संपर्क किया तो निगम अधिकारी भी राजनीति ताकतों के सामने कोई निर्णय लेने को तैयार नहीं है। जिसके चलते सोमवार को क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए समाधान की मांग की है। रोषित लोगों का नेतृत्व कांग्रेस युवा नेता अनुज छाबड़ा कर रहे थे। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन के रवैये से नाराज होते हुए कहा कि काफी समय से खन्ना कालोनी की गलियां खस्ताहाल में हो चुकी थी, जिसके समाधान को लेकर नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अशोक छाबड़ा ने नगर निगम से शिकायत की थी। शिकायत के बाद नगर निगम प्रशासन ने काम शुरू करवा दिया। कुछ गली का निर्माण हुआ था कि राजनीति ताकतों से यह काम होता सहन नहीं हुआ और उन्होंने एजेंसी को गली का निर्माण न करने की सिफारिश कर दी। ऐसे में अब खन्ना कालोनी में निर्माणाधीन गलियों का काम रोक दिया गया।
कांग्रेस नेता अनुज छाबड़ा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कई बार निगम प्रशासन से शिकायत की, लेकिन निगम के अधिकारी एजेंसी के राजनीतिक रसूकों के चलते कोई एक्शन लेने को तैयार नहीं हैं। नगर निगम प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान उठाते हुए अनुज छाबड़ा ने कहा कि जब निगम प्रशासन की तरफ से गलियों के निर्माण के लिए सारे काम हो चुके हैं तो निगम किस नेता के दबाव में टेंडर होने के बाद भी काम को शुरू नहीं करा पा रहा है। कालोनीवासी मूलचंद कामरा, महाबीर, सतीश, हेमंत, हिमांशु व सोनू आदि ने बताया कि क्षेत्र में गलियों के निर्माण न होने से रोजाना हादसे हो रहे हैं। जिनके समाधान को लेकर कई बार निगम प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने निगम प्रशासन को चेताते हुए कहा कि जल्द ही समाधान नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।