सोनीपत। नगर निगम के एक बिल्डिंग इंस्पेक्टर का कोरोना टेस्ट पोजिटिव मिलने के बाद छुट्टी के दिन भी बगैर सैनिटाइज किए ही कार्यालय खुलने की सूचना मिलने के बाद कार्यालय पहुंचे कांग्रेस युवा नेता अनुज ने निगम अधिकारियों पर लापरवाह व बेपरवाह का आरोप लगाया। निगम अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनुज छाबड़ा ने कहा कि कोरोना महामारी का समय चल रहा है। इस दौरान निगम ने अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति ध्यान देना चाहिए, लेकिन कर्मचारियों पर लगातार दबाव से काम लिया जा रहा है। अब निगम में जो बिल्डिंग इंस्पेक्टर कोरोना पोजिटिव मिला है, उसके साथ पिछले कई दिनों से कर्मचारी काम कर रहे थे, लेकिन इन कर्मचारियों का कोई कोरोना से संबंधित कोई टेस्ट नहीं कराया गया। यहां तक कि निगम अधिकारियों ने कार्यालय को सैनिटाइज तक नहीं किया गया। इससे साफ साबित होता है कि निगम के अधिकारी कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं है। निगम कमिश्नर से आग्रह करते हुए छाबड़ा ने कहा कि जल्द से जल्द कर्मचारियों का स्वास्थ्य टेस्ट करवाया जाए। इस अवसर पर हिमांशु शर्मा, संदीप सैनी व सुरेश कुमार आदि मौजूद थे।