रणबीर सिंह, सोनीपत। कांग्रेसी नेता एवं पूर्व नगर परिषद चेयरमैन अशोक छाबड़ा ने कहा कि जिले में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने मास्क प्रयोग हर हाल में करने के सख्त निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके अधिकतर लोग मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। कोरोना महामारी पर लगाम कसने के लिए मास्क ही सबसे सस्ता साधन है। कांग्रेसी नेता शनिवार को ककरोई रोड क्षेत्र में मास्क वितरण कर रहे थे। कांग्रेस नेता अशोक छाबड़ा ने ककरोई क्षेत्र में लोगों की समस्या सुनते हुए कहा कि पहले हम सबने कोरोना पर जीत हासिल करनी है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने शहर में मास्क को पूरी तरह से लागू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। ऐसे में कुछ लोग आर्थिक तंगी के कारण मास्क नहीं खरीद सकते तो कुछ लोग मास्क होते हुए भी मुंह पर नहीं लगाते, जिनके परिणाम बाद में भयानक निकलते हैं। उन्होंने कहा कि हर शहरवासी मास्क का प्रयोग करे, उसके लिए उन्होंने जागरूक अभियान चलाया है। अभियान के दौरान जहां शहरवासियों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जाता है तो वहीं मास्क व सैनिटाइजर वितरित की जाती हैं। इस दौरान प्रदीप गौतम, भूपेन्द्र गहलावत, प्रेम नारायण गुप्ता, सीमा गोयल व पूनम, कुलबीर, सुनील, मोहित आदि मौजूद थे।