रणबीर सिंह, सोनीपत। संत नामदेव रोहिल्ला टांक संघ के प्रधान दीपक वर्मा, संरक्षक राजेन्द्र रोहिल्ला ने कहा कि बुधवार का दिन देश के लिए स्वर्णिम अवसर लेकर आया है, जब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर निर्माण हेतु भूमि एवं शिलापूजन के साथ आधारशिला रखी। इस मौके पर संत नामदेव रोहिल्ला टांक संघ के पदाधिकारियों ने विवेकानन्द स्कूल में भगवान श्रीराम के आगे दीपक जलाकर श्रीराम जन्मभूमि एवं मंदिर के शिलापूजन की खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मर्यादा पुरूषोत्तम राम के मंदिर निर्माण को लेकर कई युद्ध लड़े गए, सैकड़ों लोगों ने इसके लिए बलिदान दिया। हमारे देश एवं हमारी संस्कृति के मानबिन्दुओं वाले स्थानों को अत्याचारियों द्वारा नष्ट करने का प्रयास किया गया। अब सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय एवं केन्द्र सरकार के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर की पुर्नप्रतिष्ठा होगी। भूमि एवं शिलापूजन के मौके पर देशवासियों ने घरों, बाजारों में दीये जलाकर खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम दुनिया के एकमात्र ऐसे चरित्र हैं, जिन्हें मर्यादा पुरूषोत्तम के नाम से जाना जाता है। उन्होंने भगवान श्रीराम जन्मभूमि के लिए बलिदानियों का स्मरण भी किया। प्रधान दीपक वर्मा ने कहा कि अयोध्या में बनने वाला श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। भगवान श्रीराम सनातन संस्कृति, मानवता, नैतिकता, प्रेम व सद्भाव के प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम का यह मंदिर देश व दुनिया में अपनी विशिष्टता के लिए पहचाना जाएगा। हिंदू समाज के सतत संघर्ष और और बलिदान के कारण श्रीराम जन्म भूमि पर मंदिर बनाने का सपना पूरा होने जा रहा है। राममंदिर लोगों की श्रद्धा व आस्था का प्रतीक है, क्योंकि राम जन-जन में रचे बसे हैं। जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि पर भूमि पूजन किया, इसका साक्षी बनने के लिए देश के सभी क्षेत्रों एवं वर्गों में काफी उत्साह बना रहा। इस मौके पर राजेन्द्र रोहिल्ला, दीपक वर्मा, श्याम सुन्दर रोहिल्ला, सुनील रोहिल्ला, जयभगवान रोहिल्ला, रणबीर सिंह रोहिल्ला, रामनिवास रोहिल्ला, मंगलसैन रोहिल्ला, बुलगानन्द रोहिल्ला, रामफल रोहिल्ला, नवीन रोहिल्ला, दिनेश कुमार रोहिल्ला, सुखबीर सिंह सागु, सुरेन्द्र रोहिल्ला, जगदेव छिक्कारा, रामफल रोहिल्ला, धर्मबीर शर्मा, हिमांशु रोहिल्ला सहित अन्य कई अन्य लोग मौजूद रहे।