नरेश रोहिल्ला, सोहना। वन राज्यमंत्री कवंरपाल गुर्जर ने खंड की सबसे अमीर ग्राम पंचायत भोंडसी सरपंच दुर्गा देवी को गांव में पौधारोपण कराने पर सम्मानित किया है। सरपंच ने पंचायती जमीन पर एक हजार से 1500 आक्सीजन देने तथा औषधि देने वाले पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। जिसमें से अब तक 600 पौधोरोपण किया जा चुका है। प्रदेश शिक्षा एवं वन राज्यमंत्री कवंरपाल गुर्जर ने सोहना खंड की सबसे अमीर ग्राम पंचायत भोंडसी की सरपंच दुर्गा देवी को उनके द्वारा इस वर्ष किया गया पौधारोपण और लक्ष्य की सफलता पर सम्मानित किया है। राज्यमंत्री कवंरपाल गुर्जर ने सम्मानित पत्र सोहना के वन विभाग के क्षेत्र अधिकारी विक्रम सिंह के माध्यम से सम्मानित पत्र भेजा है। रेंज अधिकारी विक्रम सिंह ने सरपंच दुर्गा देवी को अपने कार्यालय में बुलाकर सम्मानित पत्र दिया है। अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि खड की अन्य पंचायतों को भी पौधारोपण करने पर सम्मानित किया जा सकता है। सोहना बीडीपीओ प्रमेन्द्र सिंह ने बताया कि खंड की सभी पंचायतों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। पौधारोपण के लिए ग्राम पंचायतें आगे आ रही है। उन्होंने बताया कि भोंडसी पंचायत ने अभी तक सबसे अधिक पौधे लगाए है। जिन्होंने आक्सीजन हब बनाने से लेकर प्लानटेशन का भी कार्य किया है। सरपंच दुर्गा देवी ने बताया कि सोमवार को भी त्रिवेणी के 35 पौधे लगाए गए हैं। सभी पौधो की लंबाई 10 से 12 फुट तक है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत पंच अहम भूमिका निभा रहे है। उनके पौधारोपण के लक्ष्य को बनाने और पूरा करने में सभी पंचों का सहयोग रहा है। यह सम्मान सभी ग्रामवासियों के सम्मान का प्रतिक है।