न्यायालय में पेशकर लिया पांच दिन के पुलिस रिमाण्ड पर
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। सीआईए-2 स्टाफ ने दो पुलिस कर्मियों की हत्या की घटना में शामिल फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी विकास निवासी घुसकानी जिला भिवानी व नीरज निवासी पाथरी जिला जींद के रहने वाले है। आरोपियों को न्यायालय में पेशकर पांच दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि थाना बरोदा के अंतर्गत बुटाना पुलिस चौकी में नियुक्त सिपाही रविन्द्र व एसपीओ कप्तान की गत 30 जून को रात्रि गश्त के दौरान कुछ संदिग्ध बदमाशों ने चाकुओं व तेजधार हथियारों से बड़ी बेरहमी के साथ मारकर हत्या कर दी थी। एसपी ने आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस की अलग-अलग आठ टीमों का गठन किया गया था। पुलिस को जींद शहर में बदमाशों के छिपने का पता चला था। जब पुलिस टीम जींद में छिपे बदमाशों को पकडऩे के लिए गई थी, बदमाशों ने पुलिस टीम पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। इस दौरान कई पुलिस कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लेकिन पुलिस टीम द्वारा जवाबी कार्यवाही में शातिर बदमाश अमित निवासी अजमेर बस्ती जींद ढेर हो गया था व सन्दीप निवासी नाडा हाल रामनगर शहर जींद को काबू कर लिया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेशकर पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया था। रिमाण्ड के दौरान घटना में प्रयुक्त कार को भी पहले ही बरामद कर लिया गया था। रिमाण्ड के दौरान अनुसंधान टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल दो युवतियों सुशीला व आशा निवासी बुटाना को भी पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। युवतियों को न्यायालय में पेशकर दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया था। रिमाण्ड के दौरान युवतियों के बताये अनुसार मृतक सिपाही रविन्द्र का मोबाईल भी बरामद कर लिया गया था। आरोपियों को न्यायालय में पेशकर न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया था। सीआईए-2 स्टाफ सोनीपत पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों विकास निवासी घुसकानी जिला भिवानी व नीरज निवासी पाथरी जिला जींद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेशकर पांच दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।