एसडीएम पाटिल ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोनीपत 24, ब्यूरो, सोनीपत। हमारा दायित्व केवल पौधारोपण तक ही सीमित नहीं है। पौधा लगाने के बाद उसका पूर्ण संरक्षण करना जरूरी है, ताकि पौधा एक बड़े वृक्ष का रूप हासिल कर सके। हर व्यक्ति को अपने जीवन में एक पौधा अनिवार्य रूप से लगाते हुए उसका संरक्षण करना चाहिए। पौधारोपण की उपलब्धि तभी है जब पौधे बड़े वृक्ष के रूप में फल-फूल सकें। एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने गुरूवार को अपने कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अपने आवास के पिछली ओर त्रिवेणी (नीम-बड़-पीपल) का रोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण समय की मांग है। ग्लोबल वार्मिंग सरीखी समस्याओं से निपटने के लिए अधिकाधिक पौधारोपण कर उनका संरक्षण करना जरूरी है। पर्यावरण का संतुलन बनाये रखने के लिए नियमित रूप से पौधारोपण करना होगा। उन्होंने आम जनमानस का आह्वान किया कि वे पौधारोपण जरूर करें। एसडीएम ने कहा कि बरसाती सीजन की शुरुआत हो गई है। ऐसे में पौधारोपण बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। लोगों को अब ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गन्नौर में पौधारोपण कराया जाएगा। जहां भी खाली भूमि है वहां पौधारोपण करना चाहिए। स्कूलों में भी पौधारोपण नियमित रूप से करना चाहिए। अभी वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण स्कूल बंद हैं। जब भी स्कूल खोले जाएं तब पौधारोपण करना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट प्रयासों की आवश्यकता है। इसके अलावा एसडीएम ने लोगों को वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए जरूरी निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अधिकाधिक घरों में ही रहना चाहिए। यदि वे बाहर निकलें तो मास्क अवश्य लगायें। सोशल डिस्टेंसिंग की अनुपालना अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए। सैनेटाईजर का उपयोग भी नियमित रूप से करना चाहिए। लोगों को चाहिए कि वे अपने हाथों को बार-बार साबुन से धोयें। यदि घर से बाहर निकलते हैं तो अपने चेहरे को छूने से बचना चाहिए।