व्यापारियों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे लक्ष्मी चंद गुप्ता
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के संस्थापक लौहपुरुष लक्ष्मी चंद गुप्ता की 16वीं पुण्य तिथि के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय गुड़ मंडी में श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें जिला व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारियों व व्यापारी बंधुओं ने पुष्प द्वारा अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने की। व्यापारी कल्याण कोष के सदस्य विजय गुप्ता बाबा ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। राजीव जैन ने बताया कि लक्ष्मीचंद गुप्ता व्यापारियों के मसीहा थे और उनको व्यापारिक लौहपुरुष माना जाता था। सरकारों को बनवाने में उनकी अहम भूमिका रहती थी। देवीलाल, भजनलाल, बंसीलाल, औमप्रकाश चौटाला कोई भी मुख्यमंत्री हो सभी की सरकारों में उनका विशेष योगदान रहा। विजय गुप्ता ने कहा कि अगर कोई भी सरकार व्यापारियों के हित को अनदेखा करती थी तो वो किसी भी हद तक सरकारों से भिड़ जाते थे। वर्ष 1977 में चंडीगढ में व्यापारी आंदोलन का नेतृत्व करते हुए गिरफ्तार किये गये। महम में पूर्व सरकार की नादिरशाही हुकुमत के खिलाफ लोकतंत्र की रक्षा हेतु गिरफ्तार किए। करनाल में सब्जी मंडी, अनाज मंडियों में सरकारी बोलियों के विरोध में गिरफ्तार किए। सैल्स टैक्स बैरियर की समाप्ति, महसुल चुंगी की समाप्ति तथा वैट को लगाए जाने के विरोध में हरियाणा बंद के समय गिरफ्तार किए गए। सरकारों को अपने संघर्षो के आगे नतमस्तक करवाने और व्यापारियों की मांगो को पूरा करवाने की कला उनमें थी। इस अवसर पर जिला प्रधान संजय सिंगला, संयोजक संजय वर्मा, प्रवक्ता पवन तनेजा, महासचिव नरेंद्र धवन, रविन्द्र सरोहा, सुरेन्द्र मदान, पवन गोयल, अजय गोयल, प्रदीप बंसल, रामनिवास सिंगला, रमेश जैन, शेखर चंद जैन, संदीप सिंघल, अजय गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पं संतोष ठाकुर, विनीत अग्रवाल आदि व्यापारीगण मौजूद रहे।