ओवरलोड गाडिय़ों को पकड़वाकर अतिरिक्त रेत भार करवाया खाली, दिल्ली नहर में नहाने वालों को गिरफ्तार कराते हुए वाहनों को कराया जब्त, उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने यमुना नहर का निरीक्षण बाढ़ प्रबंधन कार्यों की जांच की, बेगा घाट से बांध के रास्ते टोंकी-मनोली तक किया यमुना का निरीक्षण
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने बुधवार को यमुना नहर का निरीक्षण करते हुए बाढ़ प्रबंधन कार्यों का गंभीरता से निरीक्षण करते हुए चेतावनी दी कि यमुना के बहाव से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने ओवरलोड गाडिय़ों को पकड़वाकर चेतावनी भी दी। साथ ही उन्होंने वापसी में दिल्ली नहर का दौरा करते हुए नहर में नहाने वाले युवकों को गिरफ्तार करवाया। नहर में नहाने वाले युवकों के वाहनों को भी जब्त करने के निर्देश दिए। उपायुक्त पूनिया ने गन्नौर में बेगा घाट से यमुना नदी के दौरे की शुरुआत की। उन्होंने बांध के रास्ते बेगा से टोंकी-मनोली तक दौरा करते हुए बाढ़ प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने यमुना के बहाव और कटाव को मौके पर ही समझते हुए नई ठोकरों के निर्माण और पुरानी ठोकरों की मरम्मत पर विस्तार से चर्चा की। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मिमारपुर में दो स्टड (ठोकरों) की मरम्मत की जाएगी, जिस पर करीब 8.46 लाख रूपये की लागत आएगी। उपायुक्त पूनिया ने मिमारपुर की सभी ठोकरों का गंभीरता से निरीक्षण किया। उन्होंने हर संभावित स्थिति पर मंथन करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। मिमारपुर में ठोकर बनाने के लिए पत्थर आ चुका है। ठोकर निर्माण का कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। इसके उपरांत उपायुक्त ने बेगा घाट का निरीक्षण किया। बेगा पहुंचकर उन्होंने नई ठोकरों (स्टड) के निर्माण को लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बेगा घाट पर आवश्यकतानुसार चार नए स्टड बनाये जायेंगे, जिनके निर्माण पर लगभग 55.46 लाख रूपये की राशि व्यय होगी। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने इस दौरान जानकारी दी कि टिकोला में भी एक नया स्टड बनाया जाएगा। साथ ही यहां 250 फीट की रिवेटमेंट का निर्माण करते हुए चार पुरानी ठोकरों की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 55.78 लाख रूपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि बेगा से दहिसरा तक की सीमा में लगभग 350 स्टड हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सबकी गंभीरता से जांच की जाए। यदि कहीं किसी स्टड की मरम्मत की जरूरत है तो उसे तुरंत करवाया जाए।
असदपुर में ओवरलोड गाडिय़ा पकड़ी
दौरे के दौरान उपायुक्त श्याम लाल पूनिया की नजर असदपुर में ओवरलोड गाडिय़ों पर गई। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी को ओवरलोड गाडिय़ों की ओर मोड़ दिया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने ओवरलोड गाडिय़ों की जांच करवाई। उन्होंने ओवरलोड गाडिय़ों को खाली करवाकर चेतावनी दी कि फिर से ओवरलोड मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रमुख संपर्क मार्गों पर नाका लगाकर इन गाडिय़ों की जांच करें। यहां उन्होंने कांटा भी जांचा, जिसमें स्वयं अपनी गाड़ी का नापतौल करवाया।
ड्रोन मैपिंग के दिए आदेश
बेेगा घाट से गांव दहिसरा की सीमा तक का यमुना नदी का क्षेत्र सोनीपत जिला में आता है, जिसकी लंबाई करीब 41.74 किलोमीटर है। उपायुक्त पूनिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश दिए कि इस पूरे क्षेत्र की ड्रोन मैपिंग करवाई जाए।
दिल्ली ब्रांच नहर में ड्रेन-आठ के जुड़ाव का किया निरीक्षण
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने इस दौरान दिल्ली ब्रांच नहर का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने खासतौर पर बीडी-आठ क्रॉसिंग की समीक्षा की। यहां उन्होंने पानी को रोकने, सफाई आदि व्यवस्थाओं की विशेष रूप से जांच की। इस मौके पर एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल, एसडीएम आशुतोष राजन, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, एक्सईएन अश्विनी फोगाट सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।