नगर निगम सोनीपत अधिकारियों से कई बार मिल चुका है संगठन, यूनियन ने एक जून से जलापूर्ति बंद करने का लिया फैसला
सोनीपत 24, ब्यूरो, सोनीपत। हरियाणा गर्वनमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज ने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग से नगर निगम सोनीपत में प्रतिनियुक्ति पर आए जलापूर्ति के सभी कच्चे कर्मचारियों को उनका पिछले 4 महीने का वेतन अभी तक नहीं जमा कराया गया है। मई महीना भी बीत चुका है। जनवरी से मई तक पांच महीने से अभी तक कोई वेतन नहीं दिया गया है। जिसके कारण जलापूर्ति के कार्य में लगे सभी कर्मचारियों में भारी रोष है। जारी विज्ञप्ति में बताया कि आज सभी कर्मचारियों ने एकमत फैसला किया कि सोमवार एक जून से अपनी ड्यूटी पर रहते हुए शहर की जलापूर्ति को बंद कर दिया जाएगा। जब तक इन कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जाता है। संगठन 5 महीने के दौरान बार-बार नगर निगम सोनीपत के अधिकारियों के सामने कर्मचारियों के वेतन के बारे में मिल चुका है। परंतु हर बार अधिकारी यूनियन शिष्टमंडल को झूठे आश्वासन देकर सभी का वेतन 2 दिन में, एक सप्ताह के अंदर दे दिया जाएगा। जैसे झूठे वादे करके गुमराह करते आए हैं। परंतु 5 महीने बीत जाने के बाद आज तक इन कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है। अब संगठन ने बिल्कुल आर-पार की लड़ाई लडऩे का निश्चय कर लिया है। संगठन ने मजबूर होकर नगर निगम प्रशासन के अधिकारियों की तानाशाही से परेशान होकर सोमवार से पूर्ण रूप से हड़ताल करने की ठान ली है। जब तक कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जाएगा, तब तक शहर में कहीं भी पानी सप्लाई नहीं की जाएगी। इसके पूर्ण जिम्मेवारी नगर निगम प्रशासन सोनीपत की होगी। यूनियन शिष्टमंडल इन 5 महीनों में जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज की अध्यक्षता में अनेकों बार नगर निगम कमिश्नर अशोक बंसल, ज्वाइंट कमिश्नर शंभू राठी, कार्यकारी अभियंताओं, उपमंडल अभियंताओं, कनिष्ठ अभियंताओं के कार्यालयों के चक्कर वेतन ना मिलने के कारण काट चुके हैं। परंतु हर बार कोरे और झूठे आश्वासन के सिवाय इन कर्मचारियों को कुछ नहीं मिला। सभी कर्मचारियों और इनके परिवार पर भुखमरी का संकट आ चुका है। भुखमरी और आर्थिक संकट के कारण सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर निर्णय लिया है कि एक जून सोमवार से पूर्ण रूप से हड़ताल की जाए। इस अवसर पर जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज, सुबे सिंह पहलवान, धूप सिंह लाकड़ा सुंदर चौहान, सतवीर शर्मा, मौसम कुमार, शिवराज, विनोद कुुमार, विकास, जितेंद, सुशील, मुकेश, बलवंत, प्रदीप, अमित कुमार, तेज प्रकाश गौड़, शंभू कुमार, नरेश कुमार, रामेश्वर, दिलीप संजय, अशोक, यादराम आदि ने भाग लिया।