व्यावसायिक व निजी वाहनों की अलग लेन बनवाई, प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए यू-टर्न के लिए रास्ता बनाया
सोनीपत 24, ब्यूरो, सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर कुंडली बार्डर सोनीपत का प्रमुख केंद्र बिंदू है, जहां से दिल्ली आने-जाने की शुरुआत होती है। चंडीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन भी कुंडली बार्डर से होकर गुजरते हैं। सोनीपत से दिल्ली नौकरी व अन्य काम-धंधे के लिए भी रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले व्यावसायिक वाहन भी हजारों की संख्या में कुंडली बार्डर से होकर गुजरते हैं। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने भी बार्डर पर पैनी नजर बना रखी है। बार्डर पर पुलिस के द्वारा सभी वाहनों की जांच की जाती है। ऐसी स्थिति में बार्डर पर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है, जिसका स्थाई समाधान निकालने के लिए उपायुक्त श्याम लाल पूनिया योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़े हैं। उपायुक्त पूनिया ने स्वयं कुंडली बार्डर का जायजा लिया। उन्होंने जाम की समस्या को देखने के बाद इसे दूर करने के प्रयास किये हैं। उपायुक्त के निर्देशानुसार एसडीएम आशुतोष राजन ने कुंडली बार्डर पर क्रॉसिंग के दौरान व्यावसायिक वाहनों की अलग लेन बनवाई है। साथ ही उन्होंने निजी वाहनों की भी अलग लेन बनवा दी है। इससे जाम की समस्या से लोगों को निजात मिली है। एसडीएम कहते हैं कि उपायुक्त ने जाम से राहत दिलाने के लिए तकनीकी दृष्टि से बेहतरीन योजना लागू करवाई है। निजी वाहनों की जांच के दौरान व्यावसायिक वाहनों की कतार लगने की संभावना बनी रहती थी, जिससे कई बार जाम भी लगने की स्थिति बन जाती थी। व्यावसायिक व निजी वाहनों की अलग-अलग लेन बनाने के बाद जाम की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में और कदम उठाये जा रहे हैं। अब कुंडली बार्डर से सोनीपत में प्रवेश करने के साथ ही व्यावसायिक वाहनों को अलग लेने से निकाला जाएगा। ऐसे में जाम की स्थिति पैदा नहीं होगी। एसडीएम राजन ने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार सोनीपत की सीमा में प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए यू-टर्न की सुविधा भी शुरु की गई है। इसके लिए डिवाईडर समतल कर यू-टर्न के लिए रास्ता बनाया गया है। ऐसे में उन वाहनों को तुरंत वापस भेज दिया जाएगा जिनके पास अधिकृति अनुमति पत्र नहीं होगा। वाहनों को वापस भेजने में अब जाम की स्थिति भी पैदा नहीं होगी। यू-टर्न से दोनों ओर वाहनों को वापस भेजना बेहद आसान हो गया है। एसडीएम ने बताया कि उपायुक्त ने सोनीपत की सीमा में बिना अनुमति के किसी भी वाहन के प्रवेश पर रोक लगा दी है। बहुत से वाहन चालक बिना अनुमति के ही सोनीपत में घुसने का प्रयास करते हैं, जिन्हें बार्डर पर रोक कर वापस भेजा जा रहा है। यू-टर्न की सुविधा मिलने पर अब ऐसी स्थिति में जाम नहीं लगता। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन अब निर्बाध गति से दिल्ली व चंडीगढ़ की ओर आ-जा रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों को खासी राहत मिली है। अब व्यावसायिक वाहनों को जाम में नहीं फंसना पड़ता। इस मौके पर आम जनमानस ने भी उपायुक्त की पहल का स्वागत किया है। अपने व्यवसाय के लिए दिल्ली आने-जाने वाले राजेश, अरविंद व पुनीत का कहना था कि कुंडली बार्डर पर अब नजारा बदल गया है। उन्होंने एक स्वर में कहा कि अब यहां जाम की स्थिति दिखाई नहीं देती। यह प्रशंसनीय कार्य है।