उपायुक्त ने कोविड-19 की रोकथाम के प्रयासों को लेकर विस्तार से की चर्चा
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उपायुक्त श्यामलाल पुनिया ने अपने कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों की विस्तृत जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। चरखी दादरी से स्थानांतरित होकर आये उपायुक्त श्यामलाल पुनिया पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आ गये हैं। वैश्विक महामारी कोविड-19 कोरोना वायरस की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने विशेष रूप से कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य स्थल पर अधिकारी-कर्मचारी मास्क अवश्य लगायें। व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोग भी अनिवार्य रूप से मास्क का प्रयोग करें। नियमित रूप से सैनेटाईजर का प्रयोग किया जाए। इस बारे में आम जनमानस को भी जागरूक करने का कार्य किया जाए। उपायुक्त पुनिया ने लॉकडाउन को लेकर सोनीपत जिला की स्थिति की समीक्षा भी की। उन्होंने कोरोना वायरस के पोजिटिव मामलों की रिपोर्ट भी ली। साथ ही उन्होंने इनकी रोकथाम के लिए भी मंथन किया। उन्होंने कहा कि जिले से बाहर नौकरी व व्यापार के लिए आने-जाने वाले लोगों की जांच की विशेष व्यवस्था की जाए। व्यापारिक गतिविधियों, दुकानों की भी जांच कर वहां जिला प्रशासन के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त पुनिया ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रवासियों को वापस उनके राज्यों में भेजने की व्यवस्था जारी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि घर वापस भेजने से पहले सभी प्रवासियों की मेडिकल जांच सुनिश्चित की जाए। कोई भी प्रवासी व जरूरतमंद भूखा नहीं रहना चाहिए। इसके अलावा उपायुक्त पुनिया ने अन्य मामलों की भी रिपोर्ट लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।