1416 लोगों के लिए गए सैंपल, 1261 की मिली जांच रिपोर्ट, 155 की जांच प्रक्रिया जारी
सोनीपत। बीती रात्रि सोनीपत में कोविड-19 कोरोना वायरस के दो नये केस दर्ज किये गये हैं। इस प्रकार अब सोनीपत में कोरोना पोजिटिव का आंकड़ा 19 पर पहुंच गया है, जिनमें से चार मरीजों ने रिकवरी भी की है। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी दी। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि शुक्रवार की देर रात्रि एक चार वर्षीय बालिका में भी कोरोना पोजिटिव मिला है। इस बालिका की माता व पिता भी कोरोना से संक्रमित है। जबकि एक अन्य मामला सेहरी गांव का है। इस गांव का एक युवक भी कोरोना पोजिटिव पाया गया, जिसे बहादुरगढ़ स्थानांतरित किया गया है। इसके पहले सोनीपत में कोरोना पोजिटिव के 17 मामले थे। इनमें दो जमात के पोजिटिव मामले भी शामिल हैं। उपायुक्त डा. सिंह ने बताया कि 1416 लोगों सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 1261 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। अभी 155 व्यक्तियों की रिपोर्ट की जांच प्रक्रिया जारी है। प्राप्त रिपोर्टों में से 19 लोगों की पोजिटिव तथा 1242 व्यक्तियों की नेगेटिव रिपोर्ट आई है। इसके साथ ही उपायुक्त डा. सिंह ने विदेश से आने वाले लोगों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विदेश से आये सभी 327 लोगों को क्वारंटाईन किया गया है। सभी ने पहले 14 दिन तथा बाद में 28 दिन की समयावधि का क्वारंटाईन पूरा किया है। इन सभी के हाथों में कोरोना चिन्हित स्टैंप भी लगाई गई है। इसके अलावा उपायुक्त डा. सिंह ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह राई में बनाये गये फेसिलिटी क्वारंटाईन में 149 लोगों को रखा गया है। इनमें से 34 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है तथा 43 लोगों को आईसोलेशन में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने बताया कि 191 लोगों को आईसोलेशन में रखा गया है। चार लोगों को बीपीएस मेडिकल कालेज खानपुर कलां के आईसीयू में दाखिल किया गया है।
टीमों ने की 2230 लोगों के स्वास्थ्य की जांच
उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग की मोबाईल हैल्थ टीमों ने शनिवार को करीब 2230 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इनमें 1672 लोगों में किसी प्रकार की कोई भी बीमारी नहीं मिली, जबकि 558 लोग सामान्य बीमार मिले जिन्हें दवाई दे दी गई। जांच किये गये किसी भी व्यक्ति में कोविड-19 कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले। इस दौरान उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे मोबाईल हैल्थ टीमों का लाभ उठायें। मोबाईल हैल्थ टीमें नि:शुल्क रूप से लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, जिसमें लोगों को सहयोग करना चाहिए। यह टीमें शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी स्वास्थ्य जांच का कार्य कर रही है।
किरयाना की दुकानें के आदेश लिए वापस
एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने गन्नौर में किरयाना की दुकानें खोलने के संदर्भ में जारी किए गए आदेशों को वापस ले लिया है। उन्होंने गत दिवस आदेश दिए थे कि लॉकडाउन के दौरान किरयाना की दुकानें प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक खुलेंगी। इन आदेशों को एसडीएम पाटिल ने वापस ले लिया है।
खुबडू गांव नियंत्रित क्षेत्र अधिसूचित, मैजिस्ट्रेट नियुक्त
जिलाधीश डा. अंशज सिंह ने बताया कि इस समय कोरोना वायरस का प्रकोप अपने चरम सीमा पर है। जिला सोनीपत में 24 अप्रैल 2020 को खुबडू गांव निवासी एक व्यक्ति कोरोना बीमारी से ग्रस्त पाया गया है। उनके निवास स्थान व उसके आस-पास के क्षेत्र को कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए गांव खुबडू तहसील गन्नौर जिला सोनीपत का क्षेत्र नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया गया है। इस बीमारी के संक्रमण से अन्य व्यक्तियों को बचाने के लिए नियंत्रण क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति ना बाहर जाएगा और ना ही कोई बाहरी व्यक्ति अंदर आएगा। प्रतिबंधित क्षेत्र में आम जन को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। यह ड्यूटी मैजिस्ट्रेट अपनी निगरानी में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। अपने आदेशों में जिलाधीश ने बताया कि राज सिंह कुश्ती कोच जिला खेल विभाग सोनीपत को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक और मनोज कुमार क्रिकेट कोच गोहाना जिला खेल विभाग को रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक पुलिस उप निरीक्षक गोरधन को और रात्रि 8 बजे से सुबह 8 बजे तक पुलिस उप निरीक्षक जसवंत सिंह को पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। गांव खुबडू तहसील गन्नौर जिला सोनीपत के क्षेत्र में राजबीर सिंह नायब तहसीलदार गन्नौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।