323 वाहनों को जब्त करते हुए 2 लाख 30 हजार 500 रुपये का किया जुर्माना, अफवाहें फैलाने और लॉकडाउन की उल्लंघना पर जारी रखेंगे कड़ी कार्रवाई : उपायुक्त
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान उल्लंघना करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ बुधवार तक 254 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन की अवहेलना किसी भी सूरत मेंं स्वीकार्य नहीं है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखी जाएगी। उपायुक्त डा. अंशज सिंह लॉकडाउन की अनुपालना को लेकर बेहद गंभीर हैं। उनका कहना है कि कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन की अनुपालना अनिवार्य है। लोगों को अपने घरों में ही रहना चाहिए। अब 3 मई तक लॉकडाउन को बढ़ाया गया है। ऐसे में लोगों को निर्धारित अवधि तक लॉकडाउन की ईमानदारी से अनुपालना करना चाहिए। ऐसा जनहित में किया गया है। उपायुक्त डा. सिंह ने बताया कि आज दोपहर 3 बजे तक लॉकडाउन की अवेहलना और सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने पर 254 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इस दौरान 305 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। साथ ही 323 वाहनों को जब्त किया गया। इसके साथ ही 2 लाख 30 हजार 500 रूपये जुर्माना भी लगाया गया है। उपायुक्त ने कहा कि बुधवार की बात करें तो आज उक्त समयावधि तक तीन वाहनों को जब्त करते हुए एक हजार रुपये का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी। लॉकडाउन की अवहेलना करके लोग खुद के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी समस्याएं पैदा करते हैं।