ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को फूल भेंट कर किया प्रोत्साहित, जरूरतमंदों व प्रवासियों को भोजन करा रही संस्था का जताया आभार
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। गन्नौर हलका विधायक निर्मल चौधरी ने कोविड-19 की रोकथाम के लिए दिन-रात ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों के जज्बे को सलाम किया है। सोमवार को उन्होंने मौके पर जाकर ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को फूल भेंट कर उत्साहद्र्धन किया। साथ ही उन्होंने शेल्टर होम का दौरा कर प्रवासियों का कुशलक्षेम भी जाना। विधायक निर्मल चौधरी विभिन्न पुलिस नाकों पर पहुंची। विधायक ने पुलिस कर्मियों का उत्साहवद्र्धन करते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों का हौंसला, समर्पण, जज्बा और राष्ट्र सेवा की भावना प्रशंसनीय है। अपने घर-परिवार से दूर रहकर पुलिस कर्मचारी दिन-रात आम जनमानस की सेवा में जुटे हुए हैं। लॉकडाउन की अनुपालना सुनिश्चित कराने में पुलिस कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है। लॉकडाउन ही कोविड-19 को हरा सकता है, जिससे सोशल डिस्टेंस कायम रखने में मदद मिलती है। इस दौरान विधायक निर्मल चौधरी ने गन्नौर में बनाये गये शेल्टर होम का भी दौरा किया। शेल्टर होम में रह रहे लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने हर प्रकार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रवासियों को भरोसा दिया कि यहां उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। इसके अलावा विधायक निर्मल चौधरी ने राधा स्वामी सत्संग के रसोईघर का भी दौरा किया। उन्होंने संस्था का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों को राशन भी वितरीत किया।