3 लोगों की पोजिटिव रिपोर्ट तथा 439 व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव, जमात से आये 201 लोगों में से 191 के लिए गए सैंपल
सोनीपत। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि रविवार की सांयकाल तक जांच के लिए 548 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए गए, जिनमें से 442 की जांच रिपोर्ट मिल चुकी है। प्राप्त रिपोर्टों में से तीन लोगों की ही रिपोर्ट पोजिटिव है, जबकि शेष 439 व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। पोजिटिव मामलों में दो जमातियों के पोजिटिव केस भी शामिल किए गए हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी 106 लोगों की रिपोर्ट की जांच प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि यह संतोषजनक है कि सोनीपत में कोविड-19 के पोजिटिव मामलों की संख्या तीन ही है। इससे पहले एक पोजिटिव केस में रिकवरी भी हो चुकी है। उपायुक्त डा. सिंह ने बताया कि आज सांयकाल तक सोनीपत में जमात से आने वाले लोगों का आंकड़ा 201 दर्ज किया गया है। इनमें से जांच के लिए 191 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 142 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। प्राप्त रिपोर्टों में दो व्यक्तियों की पोजिटिव रिपोर्ट आई है जबकि 140 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अभी 49 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है। विदेश से आने वाले लोगों की जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि यह आंकड़ा 327 ही है। सभी लोगों को क्वारंटाईन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी 327 व्यक्तियों का 14 दिन का क्वारंटाईन पूरा हो चुका है तथा 206 लोगों ने 28 दिन की क्वारंटाईन की समयसीमा पूर्ण कर ली है। सभी 327 लोगों के हाथों में कोरोना चिन्हित स्टैंप लगाई गई है और इतने ही घरों के बाहर नोटिस चस्पाया गया है। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि फेसिलिटी क्वारंटाईन पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह राई में 37 लोगों को रखा गया, जिनमें से 20 को डिस्चार्ज कर दिया गया है। चार लोगों को सिविल अस्पताल सोनीपत के आईसोलेशन वार्ड में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने बताया कि 109 लोगों को आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है, जिनमें से 74 को सिविल अस्पताल सोनीपत तथा 35 को बीपीएस मेडिकल कालेज खानपुर कलां के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है।