सोनीपत में विदेश से आने वाले लोगों की संख्या 267 , 65 सैंपलों की 51 रिपोर्ट मिली, 1 पोजिटिव व 50 नेगेटिव मामले, फैसिलिटी क्वारंटाईन राई से 7 लोगों को डिस्चार्ज किया एक को भेजा आईसोलेशन वार्ड में
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। विदेश से आये लोगों में से 17 लोगों को विशेष रूप से बनाये गये फैसिलिटी क्वारंटाईन पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह राई में रखा गया था, जिनमें से शनिवार तक सात लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति को सिविल अस्पताल सोनीपत में बनाये गये आईसोलेशन वार्ड में स्थानांतरित किया गया है। यह जानकारी उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने देते हुए लोगों का आह्वान किया कि वे विदेश से आने वाले लोगों की जानकारी जिला स्वास्थ्य विभाग अथवा जिला प्रशासन को अवश्य दें। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि शनिवार की सांयकाल तक सोनीपत में विदेश से आने वाले लोगों की संख्या 267 पर पहुंच गई है, जिनमें से 234 लोगों को क्वारंटाईन में रखा गया है। इनमें से 139 लोगों की 14 दिनों की क्वारंटाईन की समयावधि पूर्ण हो चुकी है और 14 व्यक्ति ऐसे हैं जिनकी 28 दिनों की क्वारंटाईन समय सीमा पूरी हो गई है। इनके साथ ही 128 व्यक्तियों को 14 दिनों के क्वारंटाईन पर रखा गया है। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने कहा कि 128 लोगों को होम क्वारंटाईन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि सोनीपत के सिविल अस्पताल में बनाये गये आईसोलेशन वार्ड में 7 लोगों को रखा जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि 267 लोगों के हाथों पर नोवल कोरोना वायरस-19 की चिन्हित स्टैंप लगाई गई है। कोरोना वायरस संबंधित नोटिस भी 267 घरों के बाहर लगाया गया है। उपायुक्त डा. सिंह के मुताबिक अभी तक कोरोना वायरस संदिग्धों के 65 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 51 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। प्राप्त रिपोर्ट में से एक ही मामला पोजिटिव चल रहा है, जबकि शेष 50 सैंपल में नेगेटिव रिपोर्ट मिली है। यह राहत की बात है कि सोनीपत में कोरोना वायरस को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। कोरोना वायरस का कोई दूसरा पोजिटिव मामला नहीं मिला है। साथ ही उन्होंने बताया कि फिलहाल 14 लोगों की रिपोर्ट की जांच जारी है।