कैंप में नन्हें बच्चों से कराई गतिविधियां
श्याम सुंदर, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल सोनीपत के स्पोटर्स कॉम्पलैक्स में कक्षा नर्सरी से कक्षा दो के बच्चों के लिए दो दिवसीय एडवेंचर कैंप का शानदार आयोजन किया गया। इस एडवेंचर कैंप के दौरान बच्चों को अनेक क्रियात्मक गतिविधियां करवाई गईं। एडवेंचर कैंप के दौरान बच्चों को बर्मा ब्रिज, कोमांडो नेट, नेट क्रोलिंग, कैट क्रोलिंग, हॉप बॉल, लेडऱ क्लाईंबिंग, बैलेंस बीम, वॉल क्लाईबिंग, बॉल कलेक्शन, हॉप स्कोच, हैमस्टर व्हील, प्लांक क्रोसिंग आदि गतिविधियां करवाई गई। इनके साथ मैजिक शो व मॉडर्न पपैट शो भी दिखाया गया। बच्चे इन सभी गतिविधियों को करने के लिए अत्यंत रोमांचित थे। एडवेंचर कैंप का मुख्य उद्धेश्य बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास करना था। कैंप का आयोजन अनुभवी प्रशिक्षकों की देख रेख में किया गया। बच्चों को सभी प्रकार की सुरक्षा सुविधाएं दी गई, जिसके तहत बच्चों ने इस कैंप का खूब आनंद उठाया। बच्चों का जोश व उत्साह देखते ही बनता था। कैंप के दौरान बच्चों को स्नैक्स के साथ दोपहर का भोजन भी करवाया गया। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस कैंप की सराहना की। विद्यालय का भी सदैव यह प्रयास रहा है कि वे बच्चो के सर्वांगीण विकास के लिए यथासंभव प्रयास करे। विद्यालय के चेयरमैन आशीष आर्य, डॉ. नेहा आर्य, प्रधानाचार्या आशा गोयल व मुख्याध्यापिका गीता अरोड़ा ने बच्चों को सभी गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया। चेयरमैन आशीष आर्य ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल व शारीरिक गतिविधियों को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि शारीरिक क्रियाएं बच्चों में चुस्ती व फुर्ती लाती हैं, जिससे बच्चे शिक्षा में ध्यानकेंद्रित कर सकते हैं। उनके अनुसार एक स्वस्थ बच्चा ही देश की उन्नति में सहयोग दे सकता है।