श्याम सुंदर, सोनीपत। थाना औद्योगिक क्षेत्र बड़ी पुलिस ने हत्या की घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अशोक उर्फ बबला पुत्र सुखबीर निवासी महावटी जिला पानीपत का रहने वाला है। आरोपी को न्यायालय में पेशकर दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया कि गत 7 फरवरी को सतबीर निवासी दातौली ने थाना औद्योगिक क्षेत्र बड़ी में शिकायत दी थी कि मोहित उर्फ धोनी, स्वास्तिक व अशोक उर्फ बबला निवासी महावटी जिला पानीपत ने उसको तेजधार हथियार से घायल कर उसके भतीजे मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी है। थाना औद्योगिक क्षेत्र बड़ी के अन्तर्गत जीटी रोड़ गन्नौर पुलिस चौकी टीम ने घटना में शामिल आरोपी मोहित उर्फ धोनी व स्वास्तिक निवासी महावटी जिला पानीपत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों से प्रारम्भिक पूछताछ करने पर बताया कि अभद्रता को लेकर हुई कहासुनी में इस घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों के बताये अनुसार घटना में प्रयुक्त तेजधार हथियार को भी पहले ही बरामद कर लिया गया था। आरोपियों को न्यायालय में पेशकर न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया था। अनुसंधान टीम द्वारा कार्यवाही करते हुये घटना में शामिल मुख्य आरोपी अशोक उर्फ बबला निवासी महावटी जिला पानीपत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेशकर दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।