सर्वे ऑफ इंडिया के साथ मिलकर जिला के 5 गांवों बुलंदपुर, नयाबांस, अटायल, सरढ़ाना और भौरा रसूलपुर की होगी लैंड मैपिंग
श्याम सुंदर, सोनीपत। सर्वे आफ इंडिया के साथ मिलकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पांच-पांच गांवों को लाल डोरा मुक्त करने के लिए लैंड मैपिंग की जाएगी। इनमें सोनीपत जिला के पांच गांवों बुलंदपुर, नयाबांस, अटायल, सरढ़ाना और भौरा रसूलपुर को शुरूआती चरण में शामिल किया गया है। उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने यह जानकारी विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल को विडियो कांफे्रस के दौरान दी। विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल ने विडियो कांफ्रेस में सभी जिला उपायुक्तों को पांच-पांच गांवों को लाल डोरा मुक्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए और कहा कि इस कार्य के लिए 5 मार्च की समय सीमा तय की गई है। उन्होंने कहा कि करनाल के गांव सिरसी की तर्ज पर प्रदेश 75 गांवों को शुरुआत में लाल डोरा मुक्त किया जाएगा। यह कार्य सर्वे ऑफ इंडिया के साथ मिलकर पूरा करवाया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस प्रक्रिया के तहत गांव की हर संपति की पहचान करके उसकी आईडी जेनरेट की जाएगी। लैंड मैपिंग प्रक्रिया में ग्राम पंचायत के माध्यम से सभी ग्रामीणों को सूचित करके आपत्तियां भी ली जाएगी। उन आपत्तियों को दूर करने के बाद गांव का पूरा जमीन का रिकार्ड प्रणालीबद्ध हो जाएगा। इसके बाद प्रत्येक भू-मालिक को टाइटल दस्तावेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी सर्वे आफ इंडिया के प्रतिनिधियों से तालमेल से कार्य करें। विडियो कांफ्रेस के उपरांत उपायुक्त डा. अंशज सिंह ने बताया कि लैंड मैपिंग के कार्य को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से लैंड मैपिंग का कार्य करने के निर्देश दिये। सोनीपत जिला में बुलंदपुर, नयाबांस, अटायल, सरढाना तथा भौरा रसूलपुर गांवों को लैड मैपिंग के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा कर तय समयावधि में कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।