प्रदर्शनी में निगम ने अपनी उपलब्धियों को प्रभावी रूप में किया प्रदर्शित
श्याम सुंदर, सोनीपत। स्मार्ट एंड सस्टेनेबल सिटी सोल्यूशन्स विषय पर आयोजित 16वीं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं कांफ्रेंस में नगर निगम सोनीपत ने बेस्ट बूथ डिस्पले का अवॉर्ड जीता है। बेंगलूरु मेंं 12 से 14 फरवरी तक अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं कांफ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ कर्नाटक के मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में नगर निगम सोनीपत ने भी हिस्सा लिया, जिन्होंने एक बूथ प्रदर्शित किया। बूथ में नगर निगम सोनीपत ने अपनी ठोस कचरा प्रबंधन योजना को दर्शाया। साथ ही ओल्ड हेरिटेज बिल्डिंग का प्रदर्शन भी किया, जो म्यूजियम के रूप में कोट मौहल्ला में बनाई गई है। निगम ने अपनी नई ऑफिस बिल्डिंग के प्लान को भी प्रदर्शित किया और रेलवे ट्रैक के साथ बनाये गये मनोहारी पार्क भी प्रदर्शित किये गये। जिसके चलते बूथ डिस्पले में नगर निगम सोनीपत को बेस्ट बूथ डिस्पले के अवॉर्ड से नवाजा गया। नगर निगम सोनीपत की ओर से एक्सईएन (बागवानी शाखा) अजय निराला ने समारोह में पुरस्कार ग्रहण किया। समापन समारोह में नीति आयोग के सलाहकार प्रवीण अग्रवाल तथा कर्नाटक के प्रिंसीपल सेक्रेटरी अंजुम परवेज ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। नगर निगम के आयुक्त अशोक बंसल और संयुक्त आयुक्त शंभू सिंह राठी ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह उत्साहजनक है। इससे नई ऊर्जा का संचार हुआ है। बूथ में प्रदर्शित की गई योजनाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेहनत का सुखद परिणाम अवश्य मिलता है। सरकार और प्रशासन के प्रयासों को अगर जनता का साथ मिल जाए तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।