बिना स्वार्थ के मानव सेवा के लिए किया जाने वाला कार्य
अजीत कुमार, सोनीपत। गुर्दे की बीमारी को रोकने व ट्रांसप्लांट करने में सहायता करने वाली संस्था ने सोनीपत की लाडली प्रवीन रानी को ग्लोबल किडनी फाउंडेशन (जीकेएफ) यूके के करिकुलम एंड एक्रिडिटेशन बॉडी की एक परियोजना के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। प्रवीन रानी ने बताया कि यह चैरिटी संस्था है जो गुर्दे की बीमारी से बचने के लिए जागरुक करती है और ट्रांसप्लांट करने में सहायता करती है। ग्लोबल किडनी फाउंडेशन के संस्थापक जाहिद भट्टी ने ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है। प्रवीण रानी ने बताया कि उसने अपने अंगदान का पंजीकरण करवाया है, मृत्यु के बाद इन अंगों को उन लोगों को दिया जाएं जिनको इनसे नई जिंदगी मिले। हम लोगों को यही बताने का प्रयास करते हैं कि किडनी को सुरक्षित रख कर शरीर को स्वस्थ रखें, जीवन को खुशहाल बनाएं। उन्होंने बताया कि यह बिना स्वार्थ के मानव सेवा के लिए किया जाने वाला कार्य है। स्वास्थ्य मामलों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए विश्व स्तर पर सेवाएं दी जा रही हैं। जीकेएफ समुदाय विश्व स्तर पर सभी लोगों को गुर्दे की बीमारी को रोकने के महत्व के बारे में शिक्षित करने, अंगदान के लिए प्रोत्साहित करने और पंजीकृत अंग दाताओं को बढ़ाने के लिए लक्ष्य बनाने के लिए काम किया जा रहा है। इस संस्था को 2005 में आरंभ किया गया था। प्रवीन रानी ने बताया कि वह मिसेज इंडिया यूके गुडविल 2018 में बनी, किंग्समेड स्कूल इंग्लैंड में डायरेक्टर एंड गर्वनर बनी। रोहतक में 30 जून 2019 को एफएमआर मिस एंड मिसेज हरियाणा 2019 के लिए इनको जज बनाया गया। नई दिल्ली द्वारका में आयोजित इंडियन आइकॉन अवार्ड 2018-2019 में सर्वश्रेष्ठ उद्यमी महिला के रुप में सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2019 के मौके पर पंचकूला में हरियाणा प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य की ओर से महिला उद्यमी के रूप में इनको प्रशस्ति पत्र दिया और 21 हजार रुपए राशि के साथ सम्मानित किया गया। जिसे इन्होंने शहीद के आश्रित परिवारों को समर्पित कर दिया। इसके बाद 15 अगस्त 2019 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोनीपत में महिला शक्ति के लिए प्रवीन रानी को सम्मानित किया।